मतदान केंद्रों पर एसआईआर को लेकर मेगा हेल्पडेस्क का आयाेजन

Spread the love

खूंटी, 10 अक्टूबर । मतदाता सूची को अद्यतन करने और सभी पात्र नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को खूंटी जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ-बीएलए-2 की बैठक-सह-मेगा हेल्पडेस्क का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मो. जावेद हुसैन के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 की प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई।

मेगा हेल्पडेस्क में मतदाता सूची से संबंधित विभिन्न प्रपत्रों के उपयोग और आवेदन प्रक्रिया के बारे में बताया गया। मतदाता सूची में नया नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6, नाम या व्यक्तिगत विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 और मतदाता सूची से नाम हटाने से संबंधित फॉर्म-7 की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसके अलावा एसआईआर के तहत जारी नोटिस, सुनवाई, दावा-आपत्ति और मतदाता सूची से जुड़ी अन्य प्रक्रियाओं को लेकर नागरिकों की शंकाओं का समाधान किया गया।

उपायुक्त के नेतृत्व में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ), बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) और अन्य संबंधित कर्मियों ने मतदान केंद्रों पर हेल्पडेस्क के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई। इस दौरान बीएलओ और बीएलए-2 के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा मतदाताओं को समय पर सहज सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जांचने की अपील की है। किसी प्रकार की त्रुटि होने या नाम जोड़ने की आवश्यकता होने पर संबंधित बीएलओ से संपर्क कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करने को कहा गया है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।