सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष सुबोध कुमार की अगुवाई में शिशु मंदिर, अम्मापकना में ‘मेरे सपनों का भारत’ और ‘अनकही कहानियां’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना को प्रस्तुत करना और बच्चों में रचनात्मकता, सामाजिक जागरूकता तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने ‘विकसित भारत’ थीम पर आधारित चित्रांकन, नृत्य एवं नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। बच्चों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से देश के उज्ज्वल भविष्य की कल्पना को दर्शाया।
नुक्कड़ नाटक के जरिए सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र के विकास में नागरिकों की भूमिका का संदेश दिया गया।
वहीं, चित्रांकन और नृत्य के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष गंदौरी गुड़िया, दीपक तिग्गा, रामधन साहू, राजू साहू, मनोज साहू एवं तुलसी हजाम मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
विद्यालय के संचालक शिवशंकर साहू सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने सपनों के भारत की कल्पना करने तथा देश के विकास में अपनी भूमिका समझने का अवसर मिला।