सेकंड ग्रेड शिक्षक भर्ती में डमी अभ्यर्थी बैठाने वाला मध्यस्थ गिरफ्तार

Spread the love

जयपुर, 17 अक्टूबर । स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ अध्यापक द्वितीय श्रेणी भर्ती परीक्षा-2022 में डमी अभ्यर्थियों की व्यवस्था करने के मामले में मध्यस्थ राजमोहन मीणा को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपित ने मूल अभ्यर्थी से 8 लाख रुपये में सौदा तय कर दो अलग-अलग परीक्षाओं में उसकी जगह डमी अभ्यर्थियों को बैठाया था। आरोपित खुद भी उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2021 में डमी अभ्यर्थी के जरिए चयनित होने के मामले में पहले गिरफ्तार हो चुका है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसओजी विशाल बंसल ने बताया कि राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से 24 दिसंबर 2022 को वरिष्ठ अध्यापक माध्यमिक शिक्षा द्वितीय श्रेणी प्रतियोगी परीक्षा-2022 के तहत सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान और विज्ञान विषय की परीक्षाएं आयोजित की गई थीं। सामान्य ज्ञान का प्रश्नपत्र लीक होने के कारण परीक्षा रद्द कर दी गई थी। इसके बाद 29 जनवरी 2023 को पुनः परीक्षा आयोजित हुई।

जांच में सामने आया कि टोंक जिले के उनियारा क्षेत्र के लसाडिया निवासी मूल अभ्यर्थी अरुण कुमार मीणा ने दोनों विषयों की परीक्षाएं स्वयं नहीं दी थीं। उसकी जगह टोंक के परीक्षा केंद्रों पर दो अलग-अलग डमी अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। आरोप है कि इसी फर्जीवाड़े के जरिए अरुण कुमार मीणा का वरिष्ठ अध्यापक विज्ञान के पद पर चयन हो गया। एसओजी मूल अभ्यर्थी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

जांच में सामने आया कि अरुण कुमार मीणा की जगह डमी अभ्यर्थियों की व्यवस्था करने के लिए राजमोहन मीणा ने 8 लाख रुपए में सौदा तय किया था। उसी ने दोनों फर्जी अभ्यर्थियों का इंतजाम किया था। एसओजी ने आरोपी को गिरफ्तार न्यायालय पेश किया, जहां न्यायालय ने आरोपी को 21 अक्टूबर 2026 तक पुलिस रिमांड पर सौंपा है। एसओजी उससे पूछताछ कर इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

जांच में यह भी सामने आया कि राजमोहन मीणा ने उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2021 में स्वयं परीक्षा देने के बजाय डमी अभ्यर्थी के माध्यम से परीक्षा दिलवाई थी और एसआई पद पर चयनित हुआ था। इस मामले में भी उसे पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। एसओजी अब दोनों भर्ती परीक्षाओं से जुड़े फर्जीवाड़े के नेटवर्क और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।