देहरादून, 17 अक्टूबर । उत्तराखंड में रबी अभियान-2026 के तहत ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत 2,375 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से करीब 1.20 लाख किसानों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी।
देहरादून स्थित सर्किट हाउस से शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक में शामिल हुए मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि प्रदेश के सभी 95 विकासखंडों में प्रत्येक के तहत 25 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान किसानों को मसूर के 11 हजार मिनी किट भी वितरित किए जाएंगे।
बैठक में कृषि मंत्री जोशी ने हाल में हुई ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रदेश में करीब 17 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में फसलों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के निर्धारित मानकों से अधिक क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराने के संबंध में केंद्र से आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
जोशी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत प्रभावित किसानों को खरीफ-2026 और रबी-2025-26 के बीमा दावों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इसके लिए संबंधित पोर्टल पर आवश्यक आंकड़े जल्द अपलोड किए जाने चाहिए, ताकि किसानों को समय पर बीमा राशि मिल सके।
कृषि मंत्री ने घेरबाड़ योजना के तहत केंद्र सरकार से पहले जारी किए गए 25 करोड़ रुपये के अतिरिक्त शेष धनराशि भी जल्द उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में मदद मिलेगी। उन्होंने किसानों के हित में केंद्र सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री का आभार भी जताया।
बैठक में कृषि एवं उद्यान महानिदेशक डॉ. आनंद श्रीवास्तव, कृषि निदेशक दिनेश सिंह, अपर निदेशक डॉ. सुरेश राम, बागवानी मिशन के निदेशक महेंद्र पाल और यूएचबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।