गैरसैंण विधानसभा का सत्र के दौरान 27 को घेराव करेगी कांग्रेस

Spread the love

देहरादून, 17 अक्टूबर । देहरादून के एक निजी होटल में शनिवार को आयोजित मीडिया से बातचीत में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव व उत्तराखंड प्रभारी सांसद कुमारी शैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कैंपेन कमेटी अध्यक्ष प्रीतम सिंह सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय, कथित वीआईपी की भूमिका की निष्पक्ष जांच, प्रदेश में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, भर्ती घोटालों, पलायन और उत्तराखंड के संसाधनों की कथित लूट जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा।

भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस अंकिता भंडारी प्रकरण, कथित वीआईपी की भूमिका, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पलायन और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर विधानसभा का घेराव करेगी। पार्टी इन मुद्दों को सदन के भीतर भी प्रमुखता से उठाएगी।

कांग्रेस मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े सवालों को लेकर दिल्ली में आयोजित विशाल रैली में भाग लेगी। उत्तराखंड से भी बड़ी संख्या में कांग्रेसजन इसमें शामिल होंगे।

प्रदेश में भूमि संबंधी नीतियों, जमीन के कथित अनुचित हस्तांतरण और उत्तराखंड के संसाधनों पर जनता के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर जिला एवं प्रदेश मुख्यालयों और जिन ज़मीनों को औने पौने दामों पर बेचे गए, वहां पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र की समस्याओं को सामने लाया जाएगा और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर सभी भ्रष्टाचार के मामलों की निष्पक्ष जांच, सरकारी खर्चों की जवाबदेही, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, पलायन रोकने की ठोस नीति और महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।

कुमारी शैलजा ने कहा कि जिस भी विभाग में वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत सामने आएगी, उसकी जांच की जाएगी और जनता के पैसे का हिसाब लिया जाएगा।

कुमारी शैलजा ने प्रदेश की जनता से आह्वान किया कि वह उत्तराखंड के सम्मान, अपनी बेटियों को न्याय, युवाओं के भविष्य और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए इस संघर्ष में सहभागी बने।

कांग्रेस का स्पष्ट संदेश है कि अंकिता को न्याय दिलाने, उत्तराखंड की अस्मिता की रक्षा करने और भ्रष्टाचार के खिलाफ जवाबदेही सुनिश्चित करने की लड़ाई जारी रहेगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कैंपेन कमेटी अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष डॉ हरक सिंह रावत, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, सी डब्लू सी सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, प्रदेश सह-प्रभारी मनोज यादव, प्रदेश सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, पूर्व सैनिक विभाग अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी, महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी, पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुलेमान अंसारी, अनुसूचित विभाग अध्यक्ष मदन लाल, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, उपाध्यक्ष सुजाता पॉल, एआईसीसी मीडिया कोऑर्डिनेटर पंखुड़ी पाठक, उपाध्यक्ष राजीव महर्षी एवं अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।