ग्वालियर मंदिर हादसे पर हेमंत खण्डेलवाल ने जताया शोक, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना

Spread the love

भोपाल, 18 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण ट्रक हादसे में श्रद्धालुओं की मौत से प्रदेश में शोक की लहर है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। उन्होंने दुर्घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

खण्डेलवाल ने रविवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में कहा, “ग्वालियर के चीनोर रोड पर हुई सड़क दुर्घटना में शीतला माता मंदिर दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के असमय काल-कवलित होने का समाचार हृदय को द्रवित करने वाला है। मातारानी सभी पुण्यात्माओं को अपने श्री चरणों में आश्रय दें तथा शोकाकुल परिजनों को यह वज्रपात सहने का सामर्थ्य प्रदान करें। मेरी गहरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारजनों के साथ हैं। दुर्घटना में घायल नागरिकों को भी शीघ्र पूर्ण स्वास्थ्य लाभ मिले, यही मातारानी से प्रार्थना है।” उन्होंने इस दुर्घटना को प्रदेश के लिए बेहद दुखद बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

उल्लेखनीय है कि शनिवार और रविवार की दरमियानी रात ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 39 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में सात की हालत गंभीर बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, सप्तमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवी दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान चीनोर रोड की ढलान से तेज रफ्तार में आ रहा भारी सामान से लदा ट्रक अनियंत्रित हो गया। ट्रक ने रास्ते में लगे पुलिस के स्टॉपर तोड़ दिए और सड़क किनारे लगी प्रसाद व पूजा सामग्री की दुकानों को रौंदते हुए श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुसा। इसके बाद ट्रक मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार की दीवार से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीवार ढह गई और उसके आसपास मौजूद कई लोग मलबे में दब गए।

हादसे के समय श्रद्धालु मंदिर में प्रवेश से पहले सड़क किनारे लगी दुकानों से प्रसाद खरीद रहे थे। कई लोग दर्शन के लिए आगे बढ़ रहे थे। इसी बीच बेकाबू ट्रक ने लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही पलों में धार्मिक उत्सव का माहौल चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गया। दुर्घटना के बाद सड़क पर कई लोग घायल अवस्था में पड़े थे, जबकि कुछ श्रद्धालु ट्रक और ढही हुई दीवार के मलबे के नीचे दब गए। इस दर्दनाक घटना ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे में मृतकों की संख्या, घायलों की स्थिति और दुर्घटना के कारणों को लेकर आगे की जानकारी जांच एवं प्रशासनिक पुष्टि जारी है।