मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने दुर्गा पूजा पंडालों में टेका मत्था, मां दुर्गा से बिहार की सुख-समृद्धि की कामना

Spread the love

किशनगंज, 20 अक्टूबर । शारदीय दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर मंगलवार को बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने किशनगंज शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का भ्रमण कर मां दुर्गा के दर्शन किए।

इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद लिया और बिहार सहित देश की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंत्री के पूजा पंडालों में पहुंचने पर श्रद्धालुओं और पूजा समिति के सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला।

भ्रमण के दौरान विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों ने मंत्री डॉ. जायसवाल का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया। मंत्री ने मां दुर्गा के समक्ष शीश नवाते हुए सभी लोगों के सुखमय जीवन, परिवारों की खुशहाली और समाज में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की प्रार्थना की।

इस दौरान पूजा समितियों के सदस्य, स्थानीय लोग और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। दुर्गा पूजा को लेकर किशनगंज शहर पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है। शहर के विभिन्न इलाकों में आकर्षक ढंग से सजाए गए पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाओं के दर्शन के लिए सुबह से लेकर देर रात तक भक्तों का तांता लगा रहता है। पूजा पंडालों में वैदिक मंत्रोच्चार, आरती और धार्मिक अनुष्ठानों से वातावरण आध्यात्मिक बना हुआ है। वहीं, विभिन्न पूजा समितियों की ओर से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य धार्मिक गतिविधियां उत्सव की रौनक बढ़ा रही हैं। बाजारों और प्रमुख चौक-चौराहों पर भी चहल-पहल बनी हुई है। श्रद्धा, आस्था और उल्लास के बीच लोग मां दुर्गा की आराधना कर परिवार तथा समाज की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। पूरे शहर में दुर्गोत्सव को लेकर उत्साह का माहौल है।