सुपौल में 23.5 किलो गांजा बरामद, अररिया का तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

सुपौल, 22 अक्टूबर । जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुपौल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार, 22 अक्टूबर को भीमपुर थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक बोलेरो वाहन से 23.500 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस के अनुसार, जिले में अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भीमपुर थाना क्षेत्र में वाहनों की जांच के दौरान एक बोलेरो की तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में उसमें से 23.500 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमन खान (28) के रूप में हुई है। वह अररिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पिठौरा गांव, वार्ड संख्या-15 निवासी मोहम्मद जसीम खान का पुत्र बताया गया है।

पुलिस ने गांजा और बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया है। इस संबंध में भीमपुर थाना में एनडीपीएस अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर गांजा के स्रोत, तस्करी के नेटवर्क और इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।