हरदा में अस्पताल के वार्ड में बुजुर्ग महिला से मारपीट, युवती के खिलाफ एफआईआर

Spread the love

हरदा, 24 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के हरदा जिले के टिमरनी थाना क्षेत्र के गोंदागांव में 15 एकड़ पुश्तैनी जमीन को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद हो गया। शुक्रवार को खेत में मक्का की कटाई के दौरान हुई मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां भी दोनों पक्षों के बीच विवाद जारी रहा। रात में एक युवती ने बुजुर्ग महिला के बाल पकड़कर उसे फर्श पर पटक दिया और मारपीट की। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने युवती के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

जानकारी के अनुसार, खेत में विवाद के दौरान घायल हुए लोगों को इलाज के लिए हरदा जिला अस्पताल लाया गया था। शुक्रवार रात अस्पताल के वार्ड में दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। इस दौरान घायल महिला की बेटी अक्षरा ने दूसरे पक्ष की बुजुर्ग महिला मिथिलेश साकल्ले के बाल पकड़कर उन्हें फर्श पर पटक दिया और मारपीट की। अस्पताल में मौजूद मरीजों के अटेंडरों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग कराया।

शनिवार को टीआई रोशनलाल भारती ने बताया कि अस्पताल के वार्ड में मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद अक्षरा के खिलाफ सिटी कोतवाली में एफआईआर दर्ज की गई है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मिथिलेश साकल्ले का आरोप है कि उनका बेटा विशाल और बहू कल्याणी खेत में मक्का की कटाई करने गए थे। इसी दौरान परिवार की संगीता बाई और उसके बेटे प्रणय ने उनके साथ मारपीट की। मिथिलेश के मुताबिक, जिला अस्पताल में भी अक्षरा ने पहले कल्याणी के साथ मारपीट की। जब उन्होंने बीच-बचाव किया तो अक्षरा ने उनके बाल पकड़कर उन्हें पीटा। मिथिलेश ने आरोप लगाया कि संगीता, प्रणय और अक्षरा ने मिलकर हमला किया।

वहीं, अक्षरा का कहना है कि उनके हिस्से की जमीन ठेके पर दी गई थी। जमीन पर मक्का की कटाई के दौरान चचेरे भाई विशाल और उसकी मां मिथिलेश ने उनकी मां के साथ मारपीट की। अक्षरा के मुताबिक, उनकी मां दो दिन पहले ही नर्मदापुरम से गांव आई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि विशाल, संगीता, ईश्वर राजपूत, कल्याणी और पवन ने उनकी मां के साथ मारपीट की।

दोनों परिवारों के बीच 15 एकड़ पुश्तैनी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। शुक्रवार को खेत में मक्का की कटाई के दौरान शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। घटना में दोनों पक्षों के तीन लोग घायल हुए। पुलिस ने अस्पताल के वार्ड में बुजुर्ग महिला से हुई मारपीट के मामले में अक्षरा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।