धर्मशाला, 25 अक्टूबर । हिमाचल प्रदेश राज्य मुक्त विद्यालय (एचपीएसओएस) के अंतर्गत 8वीं, 10वीं और 12वीं की मार्च 2027 में होने वाली परीक्षाओं का बिगुल बज गया है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने इन परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और प्रवेश आवेदन प्रक्रिया का ऐलान कर दिया है। परीक्षा में बैठने के इच्छुक और पात्र छात्र 2 नवंबर 2026 से अपने नजदीकी एचपीएसओएस अध्ययन केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
बोर्ड द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार, छात्रों को 2 नवंबर से 30 नवंबर, 2026 तक बिना किसी विलंब शुल्क के आवेदन करने की छूट होगी। तय समय सीमा के बाद फॉर्म भरने वाले छात्रों को जुर्माना भरना होगा। 1 दिसंबर से 31 दिसंबर, 2026 के बीच आवेदन करने पर 1,000 रुपये और 1 जनवरी से 30 जनवरी, 2027 तक आवेदन करने पर 2,000 रुपये का विलंब शुल्क देना होगा।
बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि छात्र अपनी आवश्यकतानुसार फ्रेश एडमिशन (डायरेक्ट/बिना टीओसी), टीओसी के साथ नए या पुनः प्रवेश और अतिरिक्त विषय जैसी श्रेणियों में आवेदन कर सकते हैं। कक्षा 8वीं के लिए डायरेक्ट एडमिशन का शुल्क 2,400 रुपये और टीओसी के साथ 2,600 रुपये रखा गया है। कक्षा 10वीं के लिए डायरेक्ट एडमिशन फीस 3,000 रुपये व टीओसी के साथ 2,900 रुपये है। वहीं, 12वीं के लिए यह शुल्क क्रमशः 2,900 रुपये और 2,800 रुपये तय किया गया है। 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं में अतिरिक्त विषय के लिए 1,100 रुपये का शुल्क लगेगा।
डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि री-अपीयर और एक वर्ष के भीतर होने वाली सुधार (इम्प्रूवमेंट) परीक्षाओं की तिथियां सितंबर 2026 के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद अलग से जारी की जाएंगी। सभी अध्ययन केंद्रों को निर्देश दिए गए हैं कि आधिकारिक अधिसूचना आने तक इन परीक्षाओं की प्रक्रिया शुरू न करें।