जबलपुर, 25 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में सस्ते में पुराने सोने के सिक्के खरीदने का लालच दो युवकों को भारी पड़ गया। रविवार को सामने आए मामले में झारखंड के देवघर में कांवड़ यात्रा के दौरान हुई मुलाकात के बाद कथित ठगों ने ऐसा जाल बिछाया कि दोनों युवक 2 लाख 10 हजार रुपये गंवा बैठे।
पनागर थाना क्षेत्र के कुशनेर अंडरब्रिज बाइपास के पास आरोपियों ने रुपये से भरा बैग, मोबाइल और कपड़ों का बैग लूट लिया। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अगस्त 2026 में विश्वजीत और उसका ममेरा भाई रितेश कुमार भगत झारखंड के देवघर स्थित बाबा धाम में कांवड़ यात्रा पर गए थे। वहां उनकी मुलाकात रुद्राक्ष बेचने वाली एक महिला से हुई। विश्वजीत ने महिला से 200 रुपये में एक रुद्राक्ष खरीदा था। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई। आरोप है कि महिला और उसके कथित पति ने बाद में दोनों युवकों को ठगी के जाल में फंसा लिया।
झारखंड से लौटने के करीब एक महीने बाद सितंबर में विश्वजीत के मोबाइल पर अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को महिला का पति बंटी बताते हुए पुराने सोने के सिक्के कम कीमत पर देने का प्रस्ताव रखा। उसने व्हाट्सऐप पर सिक्के की तस्वीर भी भेजी।
कुछ दिन बाद बंटी ने दोनों युवकों को जबलपुर के पास बुढ़ागर बुलाया। वहां एक महिला, एक लड़के और एक वृद्ध व्यक्ति की मौजूदगी में बंटी ने उन्हें सोने का सिक्का दिखाया।
विश्वजीत ने सुनार से उसकी जांच कराई तो सिक्का असली निकला और उसका वजन 1.18 ग्राम पाया गया। असली सिक्का दिखाकर आरोपियों ने दोनों का भरोसा जीत लिया।
असली सिक्के पर भरोसा कर विश्वजीत और रितेश ने 50 से 60 सिक्के खरीदने के लिए 2 लाख 10 हजार रुपये जुटाए। दोनों ने आधी-आधी रकम मिलाई और जबलपुर पहुंचे। आरोप है कि शाम करीब 4 बजे बंटी ने उन्हें पनागर के कुशनेर अंडरब्रिज बाइपास के पास बुलाया।
दोनों ऑटो से मौके पर पहुंचे, जहां बंटी अपने दो साथियों के साथ मिला।
विश्वजीत ने बिना जांच के रुपये देने से इनकार करते हुए पहले सिक्के दिखाने को कहा। इसी दौरान रितेश ने जैसे ही रुपये से भरा बैग खोला, आरोपियों ने कथित तौर पर 2.10 लाख रुपये नकद, रेडमी मोबाइल और कपड़ों से भरा बैग छीन लिया। बिना कोई सिक्का दिए आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ितों की शिकायत पर पनागर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की विवेचना कर आरोपियों की भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।