प्रयागराज, 26 अक्टूबर । सुशासन को बढ़ावा देने और समाज में ईमानदारी व जवाबदेही की संस्कृति विकसित करने में सतर्कता और सत्यनिष्ठा की महत्वपूर्ण भूमिका है। पारदर्शी व्यवस्था के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने कार्यों में नैतिक मूल्यों का पालन करना चाहिए। यह बात भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, इलाहाबाद (ट्रिपल आईटी) के मुख्य सतर्कता अधिकारी प्रो. रजत सिंह ने सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह के शुभारंभ के अवसर पर कही।
संस्थान में 26 अक्टूबर से एक नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 मनाया जा रहा है। इस वर्ष इसकी थीम ‘समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा’ रखी गई है। कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक भवन स्थित सभागार में संस्थान के निदेशक प्रो. मुकुल शरद सुतावने ने अधिकारियों, कर्मचारियों और संस्थान के अन्य सदस्यों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। सभी ने सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक आचरण बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
मुख्य सतर्कता अधिकारी प्रो. रजत सिंह ने बताया कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान संस्थान के कर्मचारियों, विद्यार्थियों और उनके परिवारों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनका उद्देश्य नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सत्यनिष्ठा के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाना है।
सप्ताह के अंतर्गत निबंध लेखन, नारा लेखन और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित करने की योजना है। इनके माध्यम से प्रतिभागियों को ईमानदारी, नैतिक आचरण और पारदर्शिता के महत्व पर अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा। साथ ही उन्हें संस्थान में भ्रष्टाचार-मुक्त वातावरण बनाने और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के आयोजन के माध्यम से संस्थान ने संस्थागत और सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, जिम्मेदारी तथा पारदर्शिता को बढ़ावा देने का संकल्प दोहराया। इस पहल का उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जवाबदेही के साथ करे।