जयपुर से सांतरागाछी के लिए नई ट्रेन शुरू, रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

Spread the love

जयपुर, 26 अक्टूबर । जयपुर से पश्चिम बंगाल के सांतरागाछी के लिए सोमवार को नई एक्सप्रेस ट्रेन शुरू की गई। केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने खातीपुरा रेलवे स्टेशन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, जयपुर मेयर सुनील कोठारी सहित रेलवे के कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। झारखंड और पश्चिम बंगाल से भी लोग वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम में शामिल हुए।

रेलमंत्री ने बताया कि इस ट्रेन की डिमांड पिछले 30-35 सालों से चल रही थी। मुझे 5 साल पहले प्रधानमंत्री ने जब ये दायित्व दिया, तो मेरे सामने ये डिमांड आई थी। जयपुर में रिडेवलपमेंट का काफी काम चल रहा था। जयपुर गांधीनगर रेलवे स्टेशन समेत वहां के मुख्य स्टेशन का काम चल रहा था। इसके कारण वहां बहुत कंजेशन था। तब खातीपुरा में नया टर्मिनल बनाने का निर्णय लिया गया। जब यह टर्मिनल बनकर तैयार हुआ तो जयपुर की कैपेसिटी बढ़ी। तब जाकर हमारे लिए नई ट्रेन चला पाना संभव हो पाया। इसलिए यह ट्रेन शुरू की गई है। जैसे-जैसे कैपेसिटी बढ़ेगी, वैसे-वैसे नई ट्रेन शुरू करेंगे।

रेलमंत्री ने कहा कि झारखंड वालों याद रखना, अगर कोई विकास करवा सकता है तो वो केवल नरेंद्र मोदी ही करवा सकते हैं। इसलिए जब सही समय आए तो अपने निर्णय लेना। विकास अगर कोई करवा सकता है, क्षेत्र को कोई अगर आगे लेकर जा सकता है, झारखंड को अगर कोई न्याय दे सकता है, झारखंड को अगर कोई विकसित झारखंड बना सकता है और झारखंड में आपकी समस्याओं को कोई दूर कर सकता है तो वो केवल और केवल मोदी कर सकते हैं। अगर कभी संदेह रहे तो बंगाल घूम कर आ जाना। कैसे बंगाल का विकास हो रहा है।

उन्होंने बताया- पहले राजस्थान जाने के लिए खड़गपुर तक जाना पड़ता था। अब खड़गपुर, रांची, सांतरागाछी से जयपुर आने के लिए बहुत डिमांड रहती है। इसे हम आराम से शुरू कर सकेंगे। इससे बहुत सारे व्यापारी भाई जो झारखंड-बंगाल आना चाहते हैं, उन्हें सुविधा मिलेगी। इस नई रेल सेवा के शुरू होने से झारखंड और बंगाल के पैसेंजर्स को सुविधा मिलेगी। सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं।

खातीपुरा-सांतरागाछी उद्घाटन स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए गए हैं। इनमें 1 फर्स्ट एसी, 2 सेकंड एसी, 4 थर्ड एसी, 2 थर्ड एसी इकोनॉमी, 6 स्लीपर और 4 जनरल कोच शामिल हैं। इनके अलावा 1 पेंट्रीकार और 2 पावरकार भी लगाए गए हैं।

ट्रेन खातीपुरा से रवाना होकर दौसा, बांदीकुई, मंडावर महुवा रोड, खेड़ली, ईदगाह आगरा जंक्शन, टूंडला जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, फतेहपुर, प्रयागराज जंक्शन, मिर्जापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, जपला, गढ़वा रोड, डाल्टनगंज, बरवाडीह, लातेहार, टोरी, लोहरदगा, रांची, मुरी, पुरुलिया, चांडिल, टाटानगर और खड़गपुर स्टेशन पर रुकेगी।