भागलपुर, 05 नवंबर । जिले के अकबरनगर थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां गौरीपुर गांव से लापता 18 वर्षीय डीजे संचालक दुर्गेश कुमार की हत्या कर दी गई। पुलिस ने गुरुवार सुबह भवनाथपुर बगीचा के पास सड़क किनारे झाड़ियों से दुर्गेश का शव बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, गौरीपुर गांव निवासी मनोज राय का 18 वर्षीय पुत्र दुर्गेश कुमार पेशे से डीजे संचालक था। मृतक की मां पुष्पा देवी और भाई सन्नी कुमार ने बताया कि मंगलवार की शाम गांव के ही तीन दोस्त दुर्गेश को किसी पार्टी या काम के बहाने घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिजन ने उसकी खोजबीन शुरू की। पूछताछ करने पर दोस्तों ने पहले टालमटोल किया। इस बीच लापता होने वाली रात भाई के मोबाइल पर एक फोन भी आया, जिसमें कहा गया कि दुर्गेश का किसी से विवाद हो गया है, जल्दी आओ। दुर्गेश का कोई सुराग न मिलने पर परिजन ने बुधवार को अकबरनगर थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया।
बताया जा रहा है कि परिजन को प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए थाने के चक्कर लगाने पड़े, जिसके बाद 4 नवंबर की शाम आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने का घेराव भी किया था। मामला दर्ज होने के बाद सक्रिय हुई पुलिस को बुधवार देर रात भवनाथपुर बगीचा के पास एक पुलिया के समीप लावारिस हालत में दुर्गेश की मोटरसाइकिल बरामद हुई। बाइक मिलने के बाद पुलिस और परिजनों का शक और गहरा गया। गुरुवार सुबह सघन तलाशी के दौरान भवनाथपुर बगीचा के पास झाड़ियों से दुर्गेश का शव बरामद किया गया।
सूत्रों के अनुसार, मृतक के गले पर फंदे का निशान और सीने पर चोट के निशान पाए गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही अकबरनगर थानाध्यक्ष रामाशीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल भागलपुर भेज दिया। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य और फिंगरप्रिंट एकत्र किए हैं।
परिजन ने दुर्गेश को घर से बुलाकर ले जाने वाले तीनों दोस्तों पर ही अपहरण के बाद सुनियोजित तरीके से हत्या करने का सीधा आरोप लगाया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संदेह के आधार पर तीनों नामजद दोस्तों को हिरासत में ले लिया है और उनसे गुप्त स्थान पर कड़ी पूछताछ की जा रही है।
थानाध्यक्ष रामाशीष कुमार ने बताया कि फिलहाल पुलिस परिजनों के आरोपों और सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और संदिग्धों से पूछताछ पूरी होने के बाद ही हत्या के सही कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है और मां पुष्पा देवी समेत सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।