जयपुर, 05 नवंबर । दीपावली की तैयारियों और खरीदारी के उल्लास के बीच कार्तिक कृष्ण एकादशी यानी रमा एकादशी शहर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई। चातुर्मास की अंतिम एकादशी पर श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की। शहर के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही दर्शनार्थियों की कतारें लगी रहीं। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, पंचामृत अभिषेक, आकर्षक श्रृंगार, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
श्री गोविंददेवजी मंदिर में तड़के मंगला झांकी से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। इस अवसर पर ठाकुरजी का पंचामृत अभिषेक कर उन्हें लाल रंग की नई पोशाक धारण कराई गई। श्रृंगार झांकी में चंदन से विशेष सजावट की गई और गोचारण लीला से जुड़े आकर्षक आभूषण धारण कराए गए।
चौड़ा रास्ता स्थित राधा दामोदरजी मंदिर में महंत मलय गोस्वामी के सान्निध्य में ठाकुरजी का पंचामृत अभिषेक किया गया। पुरानी बस्ती स्थित राधा गोपीनाथजी मंदिर में महंत सिद्धार्थ गोस्वामी की मौजूदगी में विशेष पूजा-अर्चना हुई। पानों का दरीबा स्थित सरस निकुंज में पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के सान्निध्य में श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के दर्शन किए। यहां एकादशी से जुड़े विशेष भजनों और पदों का गायन हुआ।
गलता गेट स्थित गीता गायत्री श्याम मंदिर में पं. राजकुमार चतुर्वेदी के सान्निध्य में बाबा श्याम का फूलों से आकर्षक श्रृंगार किया गया। रामगंज बाजार के कांवटियों का खुर्रा स्थित प्राचीन मंदिर में महंत लोकेश मिश्रा के सान्निध्य में श्याम दरबार सजाया गया। यहां अखंड ज्योत प्रज्वलित कर भजन संध्या का आयोजन किया गया। वहीं रामगंज स्थित लाड़लीजी मंदिर में महंत संजय गोस्वामी के सान्निध्य में प्रभु को ताजे फलों का भोग अर्पित किया गया। मंदिर में अखंड ज्योत के साथ भजन संध्या हुई, जिसमें गायकों ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं।
इधर, मानसरोवर के अग्रवाल फार्म सेक्टर-113 स्थित श्याम पार्क एकादशी सत्संग स्थल पर ‘म्हारे घरा पधारो श्याम’ संस्था की ओर से भव्य भजन संध्या आयोजित की गई। इस मौके पर बाबा श्याम का आकर्षक दरबार सजाया गया। दीपोत्सव के तहत श्रद्धालुओं ने 1100 दीपकों से बाबा श्याम की महाआरती की और छप्पन भोग अर्पित किया। अखंड ज्योत प्रज्वलित कर भजन संध्या का शुभारंभ किया गया।
संस्था अध्यक्ष रतन कट्टा ने बताया कि आयोजन में भजन गायक संजय सेन (सूरजगढ़), कुमार नरेंद्र, अंतरराष्ट्रीय कलाकार गोपाल सेन, सागर शर्मा और नवीन शर्मा ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे और पूरा परिसर श्याममय हो गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं के लिए लकी ड्रॉ भी आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न उपहार वितरित किए गए। समापन पर बाबा श्याम की आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने आतिशबाजी कर दीपावली का पर्व हर्षोल्लास से मनाया।
इस तरह रमा एकादशी पर गुलाबी नगरी के मंदिरों में दिनभर धार्मिक आयोजनों की धूम रही और देर शाम तक भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए।