पश्चिमी सिंहभूम, 06 नवंबर । पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर प्रखंड के रोबकेरा क्षेत्र स्थित रोमा गांव में घरेलू विवाद के बाद एक 18 वर्षीय विवाहिता की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। मृतका की पहचान सुकुरमनी कुमारी के रूप में हुई है। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुकुरमनी कुमारी का अपने पति हरीनाथ लोहरा के साथ किसी घरेलू मामले को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार को भी किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने के बाद सुकुरमनी घर से बाहर चली गई। कुछ देर बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजनों को इसकी जानकारी मिली।
परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने इस संबंध में यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, विवाहिता की मौत के कारणों और उससे जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पति सहित अन्य परिजनों से पूछताछ कर विवाद की वजह का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।———–