सीवान, 09 नवंबर । जिला मुख्यालय से सटे महादेवा थाना क्षेत्र के झुनापुर गांव के समीप रविवार की देर रात दीपावली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गयीं, जब दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गयी। इस भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गयी, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गये। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गयी।
दीपावली की रात हुए इस हादसे से तीन परिवारों में कोहराम मच गया।
मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरहनी गांव निवासी गोलू कुमार, रसूलपुर गांव निवासी मुकेश चौहान और गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के सलाह गांव निवासी शनिष कुमार के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में रसूलपुर निवासी अभिषेक और गोलू शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, शनिष कुमार और गोलू कुमार एक बाइक पर सवार होकर गोलू के घर जा रहे थे। वहीं, दूसरी बाइक पर मुकेश चौहान, अभिषेक और गोलू सवार होकर सीवान की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान झुनापुर गांव के समीप दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन युवकों की जान चली गयी, जबकि दो अन्य घायल हो गये। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना महादेवा थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों एवं मृतकों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को जब्त कर थाने ले गयी। इधर, पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
इस संबंध में महादेवा थानाध्यक्ष विनीत कुमार विनायक ने बताया कि सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है।