अजमेर, 11 नवम्बर(हि.सं.)। अजमेर जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर भाजपा और कांग्रेस में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को होगी। इसके बाद ही तस्वीर साफ होगी कि जिला प्रमुख की कुर्सी पर कौन काबिज होता है। पूर्व में जिला प्रमुख की कुर्सी पर सुशील कंवर पलाड़ा ने कांग्रेस के समर्थन से बैठ कर राज चलाया था, इस बार भाजपा ने चुनाव परिणाम से पहले ही अपनी रणनीति पर पर काम शुरू कर दिया है। बुधवार को भाजपा के जिला परिषद सदस्य के सभी 33 प्रत्याशियों को पार्टी कार्यालय बुलाया गया। यहां से उन्हें एक साथ अलग-अलग स्थानों पर भेजा गया। इसे राजनीतिक गलियारों में बाड़ेबंदी की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी, भाजपा देहात जिला अध्यक्ष जीतमल प्रजापत, भाजपा नेता भंवर सिंह पलाड़ा, निवर्तमान जिला प्रमुख सुशील कंवर पलाड़ा, देहात जिला महामंत्री सुभाष वर्मा, साथ में देखे गए थे। हालांकि भाजपा देहात जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापति ने इसे बाड़ेबंदी मानने से इनकार करते हुए कहा कि प्रत्याशियों को पार्टी की रीति-नीति और संगठनात्मक गतिविधियों के प्रशिक्षण के लिए एकत्रित किया गया है। जिला प्रमुख का चुनाव होने तक उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यह बात अलग है कि भाजपा के नेता आश्वस्त है कि 33 सदस्य वाली परिषद में भाजपा को 20 से ज्यादा वार्डों में जीत मिलेगी। जीत के प्रति आश्वस्त होने के कारण ही भाजपा के दिग्गज नेता ने अभी से ही जोर आजमाइश शुरू कर दी है।
इस बार जिला प्रमुख का पद सामान्य महिला वर्ग के लिए है, इसलिए कई दिग्गज नेता चाहते हैं कि उनकी समर्थक महिला जिला प्रमुख बन जाए। पुष्कर के भाजपा विधायक और केबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत का प्रयास है कि भाजपा नेता अमित भंसाली की पत्नी पूजा भंसाली जिला प्रमुख बन जाए। इसके लिए रावत ने रणनीति भी बनाई है। भाजपा के देहात जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापत अपने राजनीतिक कारणों से केबिनेट मंत्री रावत के साथ खड़े हैं। माना जा रहा है कि प्रजापत की पहल पर ही भाजपा के सभी 33 उम्मीदवारों को सूचना भेजी गई है। यानी सत्ता और संगठन का समर्थन पूजा भंसाली के साथ है। वहीं देहात क्षेत्र के तीन विधायक रामस्वरूप लांबा नसीराबाद, शत्रुघ्न गौतम केकड़ी और वीरेंद्र सिंह कानावत मसूदा का प्रयास है कि भाजपा के दिवंगत नेता सांवरलाल जाट की पुत्रवधू सुनीता लांबा को जिला प्रमुख बनवाया जाए। सुनीता लांबा भाजपा विधायक रामस्वरूप लांबा के भाई कैलाश लांबा की पत्नी है। सुनीता लांबा के नाम पर तीनों भाजपा विधायकों ने सहमति बना ली है। सुनीता लांबा की रणनीति बनाने में विधायक गौतम की भूमिका महत्वपूर्ण है। विधायक लांबा तो चाहते ही है कि उनके परिवार का सदस्य जिला प्रमुख बन जाए।
केबिनेट मंत्री सुरेश रावत और तीन विधायकों की जोर आजमाइश के बीच ही भाजपा के वरिष्ठ नेता भंवर सिंह पलाड़ा ने भी अपनी पत्नी सुशील कंवर पलाड़ा को फिर से जिला प्रमुख बनवाने के लिए खूंटा गाड़ा है। पलाड़ा भी वार्ड परिषद के चुनाव में पत्नी की जीत के प्रति आश्वस्त है। पलाड़ा अपने राजनीतिक प्रभाव से ही पत्नी के लिए वार्ड सदस्य का टिकट लेकर आए।
जानकार सूत्रों के अनुसार राजनीति में पलाड़ा की दबंगता को देखते हुए भाजपा के कई नेताओं ने श्रीमती पलाड़ा को उम्मीदवार बनाए जाने का विरोध किया था। तमाम विरोधों के बाद भी पलाड़ा अपनी पत्नी को उम्मीदवार बनवाने में सफल रहे। पलाड़ा दो बार अजमेर की जिला प्रमुख रह चुकी हैं। गत बार पलाड़ा कांग्रेस के समर्थन से जिला प्रमुख बनी। तब भाजपा ने पलाड़ा को उम्मीदवार नहीं बनाया था। ऐसे में भाजपा सदस्यों को कब्जाने और कांग्रेस के सदस्यों का समर्थन लेने से पलाड़ा जिला प्रमुख बनी। पलाड़ा चाहते हैं कि उनकी पत्नी को जिला प्रमुख के चुनाव में भाजपा का उम्मीदवार बनाया जाए। बुधवार को पलाड़ा केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी एवं देहात अध्यक्ष जीतमल प्रजापत के साथ नजर आए है इसके राजनीतिक मायने भी लगाए जा रहे हैं। पलाड़ा आपसी सहमति से जिला प्रमुख बनवाना चाहते हैं।
दूसरी ओर कांग्रेस में अभी तक ऐसी कोई सक्रियता दिखाई नहीं दी है। कांग्रेस में जिला प्रमुख पद की दावेदारी पर आपसी समझ और समन्वय नजर नहीं आ रहा है। कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष एवं किशनगढ़ विधायक विकास चौधरी का कहना है कि दीपावली उत्सव चल रहा है। जल्द बैठक बुलाकर सभी सदस्यों को एकत्रित किया जाएगा। फिर कोई राय बनाई जाएगी।
कांग्रेस में जिला प्रमुख पद के उम्मीदवार को लेकर विधायकों की भूमिका अथवा संगठन की स्थिति पर अभी तक कोई साफ संकेत नहीं मिले हैं।
कांग्रेस की नजर भाजपा के दिग्गज नेताओं की जोर आजमाइश पर लगी है, लेकिन कांग्रेस ने गुर्जर कार्ड खेलना शुरू कर दिया है। जिले में गुर्जरों की संख्या अधिक होने का दावा करते हुए कांग्रेस की ओर से कमलेश गुर्जर को जिला प्रमुख बनाने की रणनीति बनाई जा रही है। कमलेश गुर्जर पहले स्वयं प्रधान रह चुकी है और उनके पति महेंद्र सिंह गुर्जर नसीराबाद से विधायक रहे हैं। यदि 20 नवंबर को कांग्रेस को बहुमत मिलता है तो कमलेश गुर्जर कांग्रेस में जिला प्रमुख की प्रबल दावेदार होंगी। कांग्रेस की राजनीति में महेंद्र सिंह गुर्जर को अशोक गहलोत का समर्थक माना जाता है।
अजमेर जिला परिषद की 33 सीटों के लिए कुल 92 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। 20 नवंबर को मतगणना के बाद ही पता चलेगा कि किस दल को कितनी सीटें मिलती हैं और जिला प्रमुख की कुर्सी का गणित किस तरफ जाता है। फिलहाल भाजपा ने संगठनात्मक एकजुटता का संदेश देने की शुरुआत कर दी है, जबकि कांग्रेस में रणनीति तैयार होना बाकी है।