नैनीताल, 11 नवंबर । शहर के नारायण नगर क्षेत्र स्थित वन विभाग के हिमालयन बॉटनिकल गार्डन में अब पर्यटक औषधीय पौधों के साथ जलीय वनस्पतियों से भी रूबरू हो सकेंगे। इसके लिए वन विभाग की ओर से गार्डन में टेरारियम विकसित किया जा रहा है। विभाग ने इस पहल को धरातल पर उतारने के लिए निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। बताया गया है कि टेरारियम में जलीय पौधों का संरक्षण करने के साथ ही उन्हें पर्यटकों के अवलोकन के लिए भी रखा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि कालाढूंगी मार्ग पर स्थित यह बॉटनिकल गार्डन अपनी हरियाली और जैव विविधता के लिए जाना जाता है। यहां पहले से ही दर्जनों प्रजातियों के औषधीय पौधों का संरक्षण किया जा रहा है। साथ ही तितलियों का संसार भी विकसित किया गया है। अब जलीय पौधों को भी इस गार्डन का हिस्सा बनाया जा रहा है, जिससे इसकी महत्ता और बढ़ने जा रही है।
नैनीताल के प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार ने बताया कि बॉटनिकल गार्डन में टेरारियम निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया था। लगभग पांच लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। यह एक तरह से बड़े आकार का एक्वेरियम जैसा होगा, जिसमें समुद्री मछलियों व जीवों के साथ समुद्री वनस्पतियों को भी रखा जाएगा। श्री गंगवार ने बताया कि नवंबर माह में ही टेरारियम को जलीय पौधों का संरक्षण कर पर्यटकों के अवलोकनार्थ उपलब्ध कराने की कोशिश है।