हाथरस के कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहुंचाने की तैयारी, जिलाधिकारी ने की बैठक

Spread the love

हाथरस, 12 नवंबर । उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद के किसानों की आय बढ़ाने और यहां के कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। गुरुवार को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि विपणन एवं कृषि विदेश व्यापार को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें उत्तर प्रदेश कृषि निर्यात नीति-2019 के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में उत्पादित होने वाली प्रमुख कृषि उपज की पहचान कर उत्पाद आधारित क्लस्टर तैयार किए जाएं। साथ ही कृषि उत्पादों की उपलब्धता, उत्पादन क्षमता और निर्यात की संभावनाओं का आकलन कर ठोस कार्ययोजना बनाई जाए।

डीएम ने कहा कि कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ), कृषक उत्पादक कंपनियों (एफपीसी) और अन्य किसान संगठनों को प्राथमिकता के आधार पर निर्यात प्रक्रिया से जोड़ा जाए। किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग, गुणवत्ता मानकों, ग्रेडिंग, पैकेजिंग, प्रसंस्करण, भंडारण और परिवहन की आधुनिक तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि केवल कृषि उत्पादन बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार करना भी जरूरी है। इसके लिए एफपीओ और किसान संगठनों को विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, वाणिज्यिक सहायता और निर्यातकों से सीधा संपर्क उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कृषि निर्यात के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं, गुणवत्ता सुधार, प्रसंस्करण और पैकेजिंग के लिए शासन की योजनाओं के तहत मिलने वाली वित्तीय सहायता की जानकारी भी किसानों तक पहुंचाई जाए।

उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रयास होना चाहिए कि हाथरस के कृषि उत्पाद वैश्विक बाजार तक पहुंचें और किसानों को उनकी मेहनत का उचित एवं बेहतर मूल्य मिल सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, सहायक निदेशक मत्स्य, महाप्रबंधक उद्योग, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और एफपीओ प्रतिनिधि मौजूद रहे।