कृषि उद्यमी प्रशिक्षण में 32 प्रशिक्षुओं को मिला प्रमाण पत्र

Spread the love

खूंटी , 12 नवंबर । बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में आयोजित 13 दिवसीय कृषि उद्यमी प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन गुरुवार को हुआ। 28 अक्टूबर से 11 नवंबर तक चले इस प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए 32 प्रशिक्षुओं ने भाग लिया। समापन समारोह में सभी प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान सिमडेगा से आए प्रशिक्षक निकोलस बरवा ने प्रतिभागियों को खेती-बागवानी, बकरी पालन, सूकर पालन, मुर्गी पालन, गाय पालन और मत्स्य पालन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षुओं को उन्नत बीज, खाद, कीटनाशक के उपयोग, कंपोस्ट खाद निर्माण, मौसमी फसलों की खेती, पौधारोपण और ड्रिप इरिगेशन की तकनीक बताई गई। सात नवंबर को प्रशिक्षुओं को दुर्गाग कृषि फार्म का क्षेत्र भ्रमण भी कराया गया।

संस्थान के वरिष्ठ संकाय सदस्य सुशील कुमार ने उद्यमिता, बाजार प्रबंधन, बैंकिंग, बीमा, परियोजना रिपोर्ट तैयार करने और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

समापन समारोह में आरसेटी निदेशक बसंत कुमार हजाम ने प्रशिक्षुओं को बैंकिंग सुविधाओं और योजनाओं से अवगत कराते हुए स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि उचित वित्तीय सहयोग मिलने पर ग्रामीण युवा आत्मनिर्भर बनने के साथ जिले के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।