मंडी, 13 नवंबर । भाजपा हिमाचल प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जम्वाल ने कहा कि चिट्टे के खिलाफ लड़ाई केवल रैलियां निकालने, भाषण देने और विद्यार्थियों को इकट्ठा करने से नहीं जीती जा सकती। इसके लिए नशा माफिया के खिलाफ निर्णायक और कठोर कार्रवाई करनी होगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश की जनता को बताएं कि अब तक कितने बड़े नशा तस्करों की संपत्तियां अटैच की गई हैं, कितने तस्करों के आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है और कितने मामलों में वास्तव में ठोस कार्रवाई हुई है।
जम्वाल ने कहा कि आज प्रदेश का युवा चिट्टे की गिरफ्त में फंस रहा है और परिवार अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं। ऐसे समय में सरकार की प्राथमिकता नशा तस्करों के नेटवर्क को जड़ से खत्म करना होनी चाहिए थी, लेकिन सरकार बड़े-बड़े आयोजनों के जरिए अपनी सक्रियता दिखाने में लगी है। मुख्यमंत्री बताएं कि चिट्टा बेचकर करोड़ों की संपत्ति खड़ी करने वाले बड़े मगरमच्छों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई? कितने तस्करों की अवैध संपत्तियां जब्त या अटैच हुईं। कितने सप्लायरों और उनके संरक्षण तंत्र तक पुलिस पहुंच पाई है।
जम्वाल ने कहा कि मंडी में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए गए। वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी के प्राचार्य के 9 नवंबर को जारी नोटिस में सभी विद्यार्थियों की उपस्थिति अनिवार्य करने के साथ अनुपस्थित रहने पर 25 रुपये जुर्माने का भी उल्लेख है। विद्यार्थियों को नाश्ता, दोपहर का भोजन, कैप और टी-शर्ट देने की बात कही गई थी। इसके बावजूद कार्यक्रम में पहुंचे बच्चों को भोजन और अन्य सुविधाएं पर्याप्त रूप से नहीं मिलने की शिकायतें सामने आई हैं। कैप भी सीमित संख्या में वितरित होने की बात कही जा रही है।
उन्होंने सवाल किया कि जब सरकार और प्रशासन हजारों विद्यार्थियों को कार्यक्रम में बुलाने की व्यवस्था कर सकते हैं, तो उनके लिए भोजन और जरूरी सुविधाओं का इंतजाम क्यों नहीं कर पाए। क्या सरकार के लिए बच्चों की उपस्थिति महत्वपूर्ण थी या उनकी सुविधा और सम्मान भी कोई मायने रखता है।