बलरामपुर, 14 नवंबर ।बलरामपुर जिले के शासकीय विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति अब विद्या समीक्षा केंद्र (वीएसके) ऐप के माध्यम से ही दर्ज और प्रमाणित होगी। जिला शिक्षा अधिकारी एन.के. निरापुरे ने विकासखंड बलरामपुर के विभिन्न विद्यालयों के औचक निरीक्षण के दौरान शिक्षकों को इस संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज होने से व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
जिला शिक्षा अधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय नवाडीह, प्राथमिक, माध्यमिक एवं हाई स्कूल जाबर, प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला पचावल तथा हायर सेकेंडरी स्कूल महाराजगंज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों, परिसर की स्वच्छता और भवनों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने नियमित साफ-सफाई कराने, विद्यालय भवनों और अहाते की पुताई कराने तथा निर्धारित समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
वीएसके ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराने सहित सभी निर्देशों का शीघ्र पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी बीआरसीसी बलरामपुर को सौंपी गई है।
निरीक्षण के दौरान हाई स्कूल जाबर में जिला शिक्षा अधिकारी की उपस्थिति में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने नशामुक्ति की शपथ ली। सभी ने अपने परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। जिला शिक्षा अधिकारी निरापुरे ने कहा कि विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन, स्वच्छता और बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारियों और शिक्षकों को दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करना होगा।