लकड़ी से लदा 10 लाख का ट्रक जब्त, तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

पलामू, 15 नवंबर । जिले में खैर की लकड़ी की तस्करी का पुलिस ने रविवार को खुलासा किया है।

सतबरवा के जंगल से डालटनगंज के रास्ते हरियाणा ले जाई जा रही करीब 10 लाख रुपये मूल्य की खैर की लकड़ी जब्त की गई है। पुलिस ने लकड़ी लदे 14 चक्का ट्रक को भी जब्त करते हुए राजस्थान के एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी को 15 नवंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि सतबरवा के जंगल से खैर की लकड़ी की तस्करी कर ट्रक के जरिए हरियाणा भेजी जा रही है। सूचना वन विभाग को भी मिली थी। इसके बाद एसपी के निर्देश पर पुलिस अवर निरीक्षक श्रीराम शर्मा के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया। टीम ने जोरकट स्थित टोल प्लाजा के समीप एनएच-39 पर वाहन जांच अभियान शुरू किया।

इसी दौरान संदिग्ध टाटा कंपनी के 14 चक्का ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच में ट्रक के अंदर भारी मात्रा में खैर की लकड़ी के बोटे लदे मिले। पुलिस ने लकड़ी सहित ट्रक को जब्त कर लिया। जब्त ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर आरजे 29जीए 6873 है।

इस मामले में सदर थाना में मामला दर्ज कर राजस्थान के शमिम (25) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी दल में सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी, शहर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक श्रीराम शर्मा और अनिल कुमार यादव, सहायक अवर निरीक्षक दीपक कुमार और शहर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।