पलामू में अवैध खनन के खिलाफ सितंबर-अक्टूबर महीने में 34 वाहन जब्त

Spread the love

पलामू, 17 नवंबर । जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।

इस संबंध में मंगलवार काे उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि सितंबर और अक्टूबर माह में खनन विभाग की ओर से अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 34 वाहनों को जब्त किया गया है।

इस दौरान 35 लाख 95 हजार रुपये जुर्माना की वसूली की गई और 10 प्राथमिकी भी दर्ज की गई हैं। वहीं, जिला परिवहन विभाग ने 31 वाहनों को जब्त कर 07 लाख 42 हजार रुपये जुर्माना वसूला है।

विभिन्न अंचलों की कार्रवाई की समीक्षा में बताया गया कि कुल 35 वाहन जब्त किए गए हैं। इनमें सर्वाधिक नौ वाहन छतरपुर अंचल से जब्त किए गए।

उपायुक्त ने अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान में तेजी लाने और नियमित रूप से सघन छापेमारी करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि खनन से संबंधित सभी गतिविधियों का संचालन निर्धारित नियमों के अनुरूप होना चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने खनन, परिवहन एवं पुलिस विभाग को आपसी समन्वय के साथ संयुक्त अभियान चलाने, चेकपोस्टों पर नियमित जांच करने और खनन क्षेत्रों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडेय, जिला परिवहन पदाधिकारी प्रमोद कुमार सहित विभिन्न अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित थे।

वहीं, सभी अंचलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।