मंडी, 17 नवंबर । आईआईटी मंडी के शोधकर्ताओं ने अगली पीढ़ी के मेमोरी उपकरणों और मस्तिष्क से प्रेरित कंप्यूटिंग के क्षेत्र में नई संभावनाओं की तलाश की है। जिससे अति-पतली सामग्री में मौजूद सूक्ष्म संरचनात्मक खामियों का योजनाबद्ध तरीके से उपयोग करके उसकी इलेक्ट्रॉनिक कार्यक्षमता को बेहतर बनाया जा सकता है। यह शोध अगली पीढ़ी के मेमोरी उपकरणों और मस्तिष्क से प्रेरित कंप्यूटिंग तकनीकों के विकास की नई संभावनाएं खोलता है।
क्रैक-डिफेक्ट लैंडस्केप्स एनेबल मल्टीमॉडल मेम्रिस्टिव स्विचिंग इन डब्ल्यूएस 2 मोनो-बाइलेयर्स शीर्षक से प्रकाशित इस शोध में टंगस्टन डाइसल्फाइड नामक परमाणु स्तर पर पतली सामग्री का अध्ययन किया गया है। इसका उद्देश्य न्यूरोमॉर्फिक कंप्यूटिंग के क्षेत्र में इसके उपयोग की संभावनाओं को समझना है। यह कंप्यूटिंग तकनीक मानव मस्तिष्क की तरह सूचनाओं को संसाधित करने और संग्रहित करने की क्षमता विकसित करने पर आधारित है।
प्रो. विश्वनाथ बालकृष्णन के नेतृत्व में अंजलि शर्मा, यदु चंद्रन और भूमित लुहार सहित शोधकर्ताओं की टीम ने रासायनिक वाष्प निक्षेपण तकनीक से तैयार डब्ल्यूएस₂ आधारित उपकरणों का अध्ययन किया। शोधकर्ताओं ने यह समझने का प्रयास किया कि सल्फर परमाणुओं की अनुपस्थिति से बनने वाले रिक्त स्थान और सूक्ष्म दरारें विद्युत आवेशों की गति को किस प्रकार प्रभावित करती हैं।
इस शोध की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि यह है कि जिन संरचनात्मक खामियों को आमतौर पर निर्माण प्रक्रिया की कमी माना जाता है, उनका उपयोग इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए किया जा सकता है। मानव मस्तिष्क में तंत्रिका कोशिकाओं के बीच संपर्क अनुभव और गतिविधियों के आधार पर अपने संपर्क को मजबूत या कमजोर करते हैं।
इस तकनीक के संभावित उपयोगों में ऊर्जा-कुशल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्मार्ट सेंसर, पहनने योग्य और पोर्टेबल इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, स्वचालित प्रणालियां तथा एज कंप्यूटिंग शामिल हैं।
यह शोध प्रतिष्ठित शोध पत्रिका एडवांस्ड फंक्शनल मैटेरियल्स में प्रकाशित हुआ है। इसमें बताया गया है कि सामग्री की संरचनात्मक खामियों को जानबूझकर उपयोगी विशेषताओं में बदला जा सकता है। जिससे छोटे आकार के, बहुउपयोगी और कम ऊर्जा खपत करने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण विकसित किए जा सकते हैं। हालांकि, इस तकनीक को व्यावहारिक उपयोग के लिए तैयार करने से पहले इसकी स्थिरता, एकसमान कार्यक्षमता और सेमीकंडक्टर तकनीक के साथ अनुकूलता को बेहतर बनाने की आवश्यकता है। फिर भी, यह शोध मानव मस्तिष्क से प्रेरित भविष्य की कंप्यूटिंग तकनीकों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।