सुपौल, 17 नवंबर । जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया बड़ी नहर किनारे महिचंदा साइफन से करीब 200 मीटर दक्षिण पश्चिमी छोर स्थित बांसबाड़ी में मंगलवार को 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान कटैया माहे पंचायत के वार्ड संख्या-7 निवासी इंदू मंडल के पुत्र कृष्णा कुमार (22) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब एक बजे गांव की कुछ महिलाएं बांसबाड़ी में जलावन के लिए लकड़ी चुनने गई थीं। इसी दौरान उनकी नजर वहां पड़े एक युवक के शव पर पड़ी।
महिलाओं ने तत्काल इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पिपरा थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने में जुट गई। कुछ ही देर में मृतक के पिता इंदू मंडल ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव की पहचान अपने पुत्र कृष्णा कुमार के रूप में की।
मृतक के पिता ने बताया कि सोमवार की रात करीब नौ बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। उन्हें जानकारी नहीं है कि कृष्णा कब घर से निकला। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र नशे का आदी था। उसके जेब से नशे से संबंधित सामग्री भी बरामद हुई है।
इधर, युवक का शव बांसबाड़ी में मिलने के बाद हत्या कर शव को वहां फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, युवक की मौत कैसे हुई, इसका वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना की सूचना पर सदर डीएसपी राजीव रंजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि शव की पहचान कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेजा जा रहा है।
पुलिस घटना की तहकीकात कर रही है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी है।