धर्मशाला, 18 नवंबर । हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि बोर्ड द्वारा टीईटी नवंबर-2026 के अंतर्गत टीजीटी (आर्ट्स) एवं जेबीटी विषयों की परीक्षाएं 22 नवंबर, 2026 को निर्धारित परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि टीजीटी (आर्ट्स) की परीक्षा 22 नवंबर को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें कुल 14,186 अभ्यर्थी प्रदेशभर के 80 परीक्षा केंद्रों में परीक्षा देंगे। इसी प्रकार, जेबीटी विषय की परीक्षा दोपहर 2 बजे से सायं 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें 7,773 अभ्यर्थी 61 परीक्षा केंद्रों में परीक्षा देंगे। दोनों परीक्षाओं की अवधि ढाई घंटे निर्धारित की गई है।
डॉ. शर्मा ने बताया कि उक्त परीक्षाओं के लिए अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिए गए हैं। जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं किए हैं, वे बोर्ड की वेबसाइट www.hpbose.org पर जाकर टेट लिंक के माध्यम से अपना एप्लीकेशन नंबर एवं जन्मतिथि दर्ज कर एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से आग्रह किया कि वे परीक्षा से पहले अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर उसमें अंकित विवरणों एवं परीक्षा केंद्र की जानकारी को ध्यानपूर्वक जांच लें तथा निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र में पहुंचना सुनिश्चित करें।