शिवपुरी में फिटनेस सेंटर बंद, चालानी कार्रवाई जारी, ऑटो-लोडिंग चालक परेशान

Spread the love

शिवपुरी, 19 नवंबर । मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली से ऑटो चालक और लोडिंग ऑटो वाहनों के संचालक बेहद परेशान हो रहे हैं। जिले में फिटनेस प्रमाण पत्र बनवाने की व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है, लेकिन इसके बावजूद जिला परिवहन अधिकारी का अमला सड़कों पर उतरकर लगातार चालानी कार्रवाई कर रहा है। इस दोहरी मार से वाहन चालकों में भारी आक्रोश है और वे खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

दरअसल, शिवपुरी जिले में वाहनों का फिटनेस प्रमाण पत्र बनाने के लिए एक ही निजी सेंटर संचालित था। कुछ समय पूर्व राजस्थान पुलिस की कार्रवाई के बाद इस सेंटर को बंद कर दिया गया। तब से लेकर अब तक जिले में फिटनेस प्रमाण पत्र बनाने की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में सैकड़ों ऑटो, लोडिंग ऑटो, टैक्सी और अन्य व्यावसायिक वाहनों के चालक फिटनेस के बिना ही वाहन चलाने को मजबूर हैं। फिटनेस समाप्त होने के कारण उनका बीमा और परमिट भी प्रभावित हो रहा है।

वहीं दूसरी ओर जिला परिवहन अधिकारी अपने अमले के साथ शहर के विभिन्न चौराहों और मार्गों पर वाहनों की धड़पकड़ कर रही हैं। फिटनेस नहीं होने के नाम पर वाहनों को रोका जा रहा है और भारी चालान किया जा रहा है। चालकों का कहना है कि जब प्रशासन ने ही फिटनेस बनाने की सुविधा बंद कर दी है, तो चालान किस बात का काटा जा रहा है। चालक फिटनेस बनवाना चाहते हैं, लेकिन उन्हें यह पता ही नहीं है कि वे कहां जाएं।

इस कार्रवाई के दौरान अवैध वसूली के गंभीर आरोप भी सामने आ रहे हैं। एक वाहन चालक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि चालानी कार्रवाई के दौरान उसका वाहन पकड़ा गया तो उससे 10 हजार रुपए मांगे गए। काफी मिन्नतों के बाद सेटलमेंट में 7 हजार रुपए लिए गए, लेकिन रसीद मात्र 2 हजार रुपए की दी गई। इस तरह की घटनाओं से परिवहन विभाग की पूरी कार्रवाई सवालों के घेरे में आ गई है। चालकों का आरोप है कि कार्रवाई के नाम पर उनसे खुलेआम वसूली की जा रही है।

ऑटो चालक एवं लोडिंग वाहन चालकों का कहना है कि शिवपुरी में फिटनेस नहीं बन रहे हैं। अगर वे फिटनेस बनवाने के लिए ग्वालियर जाते हैं तो रास्ते में कोई हादसा हो जाता है तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी, क्योंकि उनका वाहन बिना फिटनेस के नगरीय क्षेत्र से बाहर जाने के लिए वैलिड नहीं है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर फिटनेस प्रमाण पत्र कौन बनाएगा, इसको लेकर किसी भी अधिकारी के पास कोई ठोस जवाब नहीं है। चालकों ने कहा कि वे नियमों का पालन करना चाहते हैं, लेकिन विभाग ही उन्हें नियम पालन करने का मौका नहीं दे रहा है।

स्थानीय वाहन चालकों ने परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। वाहन चालकों का कहना है कि शिवपुरी जिला परिवहन कार्यालय में अवैध वसूली का कारोबार चल रहा है। यहां आरटीओ सहित अन्य अधिकारी समय पर बैठते नहीं हैं। नए लाइसेंस बनवाने वाले लोग अपने फोटो खिंचवाने और दस्तावेजों के सत्यापन के लिए दिनभर परेशान हो रहे हैं। कार्यालय में दलालों का बोलबाला है और आम आदमी का काम बिना पैसे के नहीं हो रहा है।

चालकों ने मांग की है कि शिवपुरी में जल्द से जल्द फिटनेस सेंटर शुरू किया जाए या अस्थायी व्यवस्था की जाए। जब तक व्यवस्था नहीं बनती, तब तक चालानी कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। साथ ही अवैध वसूली की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए।