आरसीए चुनाव से जुडे मामले में पक्षकार बनाने की अर्जी मंजूर

Spread the love

जयपुर, 19 नवंबर । राजस्थान हाईकोर्ट ने आरसीए चुनाव से जुडे मामले में पूर्व महिला क्रिकेटर मेघा गौड को पक्षकार बनाने की अर्जी मंजूर कर ली है। वहीं मामले से जुडे सभी संबंधित पक्षकार से कहा है कि वे अपना जवाब पेश करें। अदालत ने मामले को अंतिम बहस के लिए 7 दिसंबर को रखा है। सीजे संजय के. अग्रवाल और जस्टिस समीर जैन की खंडपीठ ने यह आदेश राजीव प्रताप सिंह की जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए दिए। मेघा गौड ने आरसीए में महिलाओं के प्रतिनिधित्व सहित अन्य मुद्दे उठाते हुए पक्षकार बनने की अर्जी लगाई है।

मामले से जुडे अधिवक्ता पीयूष नाग ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने सितंबर महीने में आरसीए में महिलाओं के प्रतिनिधित्व के उठाए मुद्दे को ध्यान में रखते हुए आरसीए के चुनाव परिणाम जारी करने पर हाईकोर्ट में लंबित याचिका में निर्णय होने तक रोक लगाई थी। सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान हाईकोर्ट से आग्रह किया था कि वह मामले का गुण-दोष के आधार पर फैसला करे। सुप्रीम कोर्ट यह निर्देश मेघा गौड व डीडी कुमावत की एसएलपी को निस्तारित करते हुए दिया था। गौरतलब है कि हाईकोर्ट ने आरसीए में लंबे समय से चुनाव नहीं होने पर गत एक जुलाई को एडहॉक कमेटी को निलंबित करते हुए एसीएस होम भास्कर ए. सावंत को प्रशासक नियुक्त कर चुनाव करवाने का निर्देश दिया था। हाईकोर्ट के आदेश के पालन में भास्कर ए. सावंत की निगरानी में ही आरसीए के चुनाव कराए गए थे।