दंतेवाड़ा, 26 नवंबर । जिले के बैलाडीला के 14 में हुए भीषण भूस्खलन के बाद एनएमडीसी प्रबंधन के हैदराबाद स्थित पंजीकृत कार्यालय से जारी आदेश में किरंदुल कॉम्प्लेक्स में पदस्थ महाप्रबंधक सुधांशु वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। हालांकि निलंबन आदेश में भूस्खलन को कार्रवाई का प्रत्यक्ष कारण नहीं बताया गया है और न ही अनुशासनात्मक कार्यवाही के आरोपों का विवरण दिया गया है।
सुधांशु वर्मा के खिलाफ प्रस्तावित अनुशासनात्मक कार्यवाही का आधार क्या है? क्या यह कार्रवाई डिपॉजिट-14 भूस्खलन से जुड़े प्रबंधन और प्रशासनिक दायित्वों की जांच का हिस्सा है या मामला किसी अन्य विभागीय विषय से संबंधित है? फिलहाल कंपनी के आदेश में इन सवालों का खुलासा नहीं किया गया है। विदित हाे कि घटना के बाद बस्तर के जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और राजनीतिक दलों ने एनएमडीसी प्रबंधन की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई थी।
एनएमडीसी के डायरेक्टर द्वारा जारी आदेश में कंपनी के कर्मचारियों के लिए लागू कंडक्ट, डिसिप्लिन एंड अपील रूल्स, 1978 के नियम 20 का हवाला दिया गया है। इसमें कहा गया है कि सुधांशु वर्मा के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित है। इसी आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। निलंबन अवधि के दौरान सुधांशु वर्मा का मुख्यालय किरंदुल कॉम्प्लेक्स निर्धारित किया गया है। उन्हें एनएमडीसी के कार्यकारी निदेशक, बीआईओएम, किरंदुल कॉम्प्लेक्स की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने की इजाजत नहीं होगी। वहीं निलंबन अवधि के दौरान मिलने वाले निर्वाह भत्ते के संबंध में अलग से आदेश जारी करने की बात कही गई है।