दरभंगा, 26 नवंबर । संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर संविधान दिवस एवं ऐतिहासिक किसान आंदोलन की छठी वर्षगांठ के अवसर पर बुधवार को लहेरियासराय स्थित पोलो मैदान में हजारों किसानों ने धरना-प्रदर्शन किया। बिहार राज्य किसान सभा के जिलाध्यक्ष राजीव कुमार चौधरी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से किसान शामिल हुए।
धरना के बाद किसानों ने पोलो मैदान से लहेरियासराय चौक और टावर होते हुए समाहरणालय तक विशाल जुलूस निकाला। इस दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम 19 सूत्री मांग-पत्र सौंपा गया।
किसानों की प्रमुख मांगों में सभी फसलों पर सी2+50 प्रतिशत की दर से कानूनी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी, किसानों एवं खेत मजदूरों की कर्जमाफी, बिजली निजीकरण और बीज विधेयक वापस लेने तथा मनरेगा बहाल करने की मांग शामिल है। इसके अलावा ग्रामीण मजदूरों को 200 दिनों का रोजगार और 700 रुपये दैनिक मजदूरी देने की मांग उठाई गई।
किसान नेताओं ने कृषि मंडियों को चालू करने, बटाईदारों का पंजीकरण, बंद चीनी मिलों को पुनः खोलने, गन्ना किसानों के बकाये का भुगतान तथा भूमिहीन परिवारों को पांच डिसमिल जमीन देने की मांग भी रखी।
सभा को संबोधित करते हुए किसान नेताओं ने कहा कि खेती की बढ़ती लागत और उपज का उचित मूल्य नहीं मिलने से किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में विभिन्न किसान संगठनों के नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।