होर्मुज में दो तेल टैंकरों में धमाके, ईरानी नाैसेना की चेतावनी- समुद्र में बिछी हैं बारूदी सुरंगें

Spread the love

तेहरान, 28 नवंबर । होर्मुज जलडमरूमध्य के पास दो तेल टैंकरों में विस्फोट और आग लगने की घटना सामने आई है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी ) नौसेना ने शुक्रवार रात दावा किया कि दोनों टैंकर समुद्री प्रतिबंधों को नजरअंदाज कर अनधिकृत रास्तों से गुजरने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान एक टैंकर नौसैनिक बारूदी सुरंग से टकरा गया, जबकि दूसरे में भी विस्फोट के बाद आग लग गई। इस घटना के बाद ईरान ने जहाजों को समुद्री बारूदी सुरंगों के खतरे को लेकर कड़ी चेतावनी दी है।

ईरान सरकार की अंतरराष्ट्रीय समाचार नेटवर्क प्रेस टीवी तथा अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तसनीम न्यूज ने आईआरजीसी नौसेना के जनसंपर्क कार्यालय के हवाले से बताया कि, शुक्रवार तड़के दो तेल टैंकरों ने घनम द्वीप के उत्तर में स्थित एक अनधिकृत समुद्री रास्ते से गुजरने की कोशिश की थी। ईरानी नौसेना का दावा है कि दोनों जहाजों ने अपने पोजिशनिंग और नेविगेशन सिस्टम बंद कर दिए थे, ताकि उनकी आवाजाही का पता न चल सके। इसी दौरान एक टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग से टकराकर विस्फोट का शिकार हो गया। दूसरे टैंकर में भी विस्फोट हुआ और आग लग गई।

आईआरजीसी के एक अन्य बयान में बताया गया कि ओमान के खसाब बंदरगाह के पास एक टैंकर समुद्री सुरंग से टकराया, जबकि दूसरा होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व में अनधिकृत रास्ते पर विस्फोट के बाद आग की चपेट में आ गया।

हालांकि, दोनों घटनाओं में जहाजों को हुए नुकसान, चालक दल के सदस्यों की स्थिति और हताहतों के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।

ईरानी नौसेना ने चेतावनी दी है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले अनधिकृत समुद्री रास्तों पर कई खतरनाक नौसैनिक बारूदी सुरंगें मौजूद हैं। ऐसे रास्तों का इस्तेमाल करने वाले जहाज कभी भी विस्फोट की चपेट में आ सकते हैं। आईआरजीसी ने यह भी कहा कि अमेरिकी सेना की हवाई मदद भी ऐसे जहाजों को समुद्री बारूदी सुरंगों से सुरक्षित नहीं बचा पाएगी। नौसेना ने सभी तेल टैंकरों और अन्य जहाजों को निर्देश दिया है कि वे अपने नेविगेशन सिस्टम बंद करके छिपकर गुजरने की कोशिश न करें और ईरान की ओर से निर्धारित समुद्री नियमों का पालन करें।

आईआरजीसी नौसेना ने दावा किया है कि हाल के दिनों में होर्मुज जलडमरूमध्य के अनधिकृत रास्तों का इस्तेमाल करने की कोशिश करने वाले तेल टैंकरों की संख्या में काफी कमी आई है। ईरानी नौसेना ने इसे जलडमरूमध्य के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों पर अपने नियंत्रण का प्रमाण बताया है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध नहीं है।

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल है। यह फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर के रास्ते अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र से जोड़ता है। दुनिया के बड़े हिस्से में कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की आपूर्ति इसी समुद्री रास्ते से होती है। ऐसे में यहां सैन्य तनाव या जहाजों की आवाजाही पर प्रतिबंध का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर पड़ सकता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, फरवरी के अंत में अमेरिका और इजरायल के साथ सैन्य तनाव बढ़ने के बाद ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में युद्धकालीन समुद्री प्रतिबंध लागू कर दिए हैं। ईरान ने मांग की है कि इस जलमार्ग से गुजरने वाले नागरिक जहाज उसकी नौसेना के साथ समन्वय करें। इसके साथ ही जहाजों को निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करने और अपनी पहचान तथा नेविगेशन प्रणाली चालू रखने की चेतावनी दी गई है। दो तेल टैंकरों में विस्फोट की ताजा घटना ने होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। इस रणनीतिक समुद्री मार्ग पर बढ़ते तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय तेल आपूर्ति और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ने की आशंका है।