सुपौल, 28 नवंबर । 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में बाल विवाह एवं जबरन विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन को लेकर सीमा चेक पोस्ट भीमनगर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन द्वितीय कमान अधिकारी एवं कार्यवाहक कमांडेंट श्री जगदीश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में एसएसबी की मानव तस्करी निरोधक इकाई सर्वो प्रयास संस्थान, जागरण कल्याण भारती, नेपाल सशस्त्र पुलिस बल , भीमनगर थाना तथा मद्यनिषेध विभाग के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। इस दौरान सीमावर्ती क्षेत्र के नागरिकों को बाल विवाह एवं जबरन विवाह से जुड़ी सामाजिक, शारीरिक, मानसिक और कानूनी समस्याओं के प्रति जागरूक किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। कम उम्र में विवाह होने से विशेषकर बालिकाएं शिक्षा से वंचित हो जाती हैं और उन्हें कई तरह की सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा, स्वतंत्रता और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार है। उनके हाथों में किताबें होनी चाहिए, न कि समय से पहले जिम्मेदारियों का बोझ।
कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह निषेध अधिनियम के कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया गया कि भारत में विवाह के लिए लड़की की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और लड़के की 21 वर्ष निर्धारित है। लोगों से बाल विवाह रोकने के लिए जागरूक रहने तथा ऐसी किसी घटना की जानकारी तत्काल संबंधित प्रशासन या सुरक्षा एजेंसियों को देने की अपील की गई।
जागरूकता अभियान में बेटी को पढ़ने दो, बाल विवाह से लड़ने दो बचपन बचाना है, बाल विवाह मिटाना है तथा बाल विवाह पर लगे विराम, तभी बनेगा देश महान जैसे नारों के माध्यम से लोगों को सामाजिक बदलाव के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही बाल विवाह की सूचना देने के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प दिलाया गया। आयोजकों ने आमजन से बच्चों के अधिकार, शिक्षा, सुरक्षा और सम्मानजनक भविष्य की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
इस कार्यक्रम के माध्यम से 45वीं वाहिनी बीरपुर एवं सहयोगी संस्थाओं ने भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संयुक्त प्रयासों को मजबूत करते हुए बाल विवाह मुक्त समाज का संदेश दिया।