यूडी टैक्स वसूली पर निगम सख्त, पांच व्यावसायिक परिसरों को किया सीज
उदयपुर, 7 मार्च (हि.स.)। नगर निगम द्वारा यूडी टैक्स वसूली को लेकर सख्त कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को निगम की राजस्व शाखा ने शॉपिंग मॉल, व्यवसायिक परिसरों सहित पांच प्रतिष्ठानों को सीज किया।
नगर निगम राजस्व अधिकारी नितेश भटनागर ने बताया कि आयुक्त राम प्रकाश के निर्देश पर पंचशील मार्ग, यूनिवर्सिटी रोड, नेहरू बाजार और सविना क्षेत्र में कुल पांच संपत्तियां सीज की गईं। इनमें हरीश मूलचंद कंडारी, पंकज जैन, सबीर हुसैन, अलका देवी अनिल कुमार और सागर प्रॉपर्टी कॉम्प्लेक्स की संपत्तियां शामिल हैं, जिन पर लाखों का टैक्स बकाया था।
निगम ने स्पष्ट किया कि अधिसूचना के तहत 2007 से 2023 तक का टैक्स बकाया है और संपत्ति स्वामियों को पूर्व में नोटिस भी जारी किए गए थे। निगम आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि सीलिंग कार्रवाई से बचने और सरकार द्वारा दी जा रही छूट का लाभ उठाने के लिए जल्द से जल्द बकाया टैक्स जमा कराएं।
—————