रिलायंस ज्वेलरी शोरूम डकैती मामले में एक और आरोपित गिरफ्तार
देहरादून, 28 जनवरी (हि.स.)। देहरादून स्थित रिलायंस ज्वेलरी शोरूम में डकैती के मामले में पुलिस ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र से एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित पर कई राज्यों में मुकदमे दर्ज हैं। पकड़े गए आरोपित राहुल उर्फ चौंधा पर बिहारी पुलिस ने एक लाख का इनाम भी घोषित किया हुआ है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित राहुल उर्फ चौंधा पुत्र दीपक महतो निवासी, विश्वास कॉलोनी कुरुक्षेत्र (हरियाणा) का रहने वाला है। उसे लंबे समय से पुलिस तलाश रही थी। स्पेशल टॉस्क फोर्स व पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर उसे गिरफ्तार किया है।
देहरादून के राजपुर रोड स्थित रिलायंस ज्वेलरी शोरूम में 9 नवंबर 2023 को वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान करीब 20 करोड़ की डकैती हुई थी। इस मामले में पुलिस की जांच अभी भी चल रही है। मामले में अब तक 13 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
—————