जींद, 30 जनवरी । सिविल लाइन थाना पुलिस ने टैगो एप्लीकेशन में मुनाफेे का झांसा देकर 20 लाख रुपये ठगने पर 14 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। नामजद आरोपितों में एक बालीवूड अभिनेत्री भी शामिल है।
सैक्टर 11 निवासी दीपक ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि उसने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि जुलाई 2025 में उसका संपर्क समीर अग्रवाल तथा उसके साथियों से हुआ। दोनों ने उसे नई एप्लीकेशन टैगो लांच की जानकारी दी। जिसमें निवेश करने पर अच्छा खासा मुनाफा होगा। जिस पर उसने एप्लीकेशन को डाउनलोड कर लिया और उसे आईडी बना कर दे दी गई। इसमें उसने निवेश करना शुरू कर दिया।
आईडी के वायलेट में मुनाफा भी अच्छा दिखाया गया। एक जुलाई 2025 तक वह बीस लाख रुपये का निवेश कर चुका था।
वालीवुड की एक अभिनेत्री समेत कई नामी हस्तियां एप्लीकेशन को प्रमोट करने के साथ उसमे हिस्सेदार थे। जब उसने निवेश राशि को निकालने की कोशिश की तो नहीं निकली। जब उसने समीर अग्रवाल तथा उसकी टीम से इस बारे में बातचीत की तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नही दिया और राशि लौटाने से भी मना कर दिया।
सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी टिंकू ने बताया कि पुलिस ने दीपक की शिकायत पर समीर अग्रवाल, उदय शर्मा, महक ढिल्लो, समर सैयद, कवी खत्री, वालीवुड अभिनेत्री भूमिका मीरचंदानी, केशव अरोड़ा, शिवानी, मिस्टर हरियाणा विकास गुलिया, एबीयू लश्कर, एलिना, अंश, सौरभ राय के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।