एसीबी की कार्रवाई, कनिष्ठ सहायक के ठिकानों पर सर्च; नकदी और आभूषण बरामद

Spread the love

बीकानेर, 13 फरवरी । राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) मुख्यालय के निर्देश पर बीकानेर और फलोदी में शुक्रवार अलसुबह विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। कार्रवाई ग्राम पंचायत कानासर हाल ग्राम पंचायत उदट, पंचायत समिति बाप, जिला फलोदी में पदस्थ कनिष्ठ सहायक शुभकरण परिहार के विरुद्ध दर्ज आय से अधिक संपत्ति के प्रकरण में की गई।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि मुख्यालय जयपुर को गोपनीय शिकायत प्राप्त हुई थी कि आरोपी ने वैध आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। एसीबी एसयू बीकानेर द्वारा शिकायत का गोपनीय सत्यापन किया गया। सत्यापन में आरोपी द्वारा वैध आय से 938 प्रतिशत अधिक परिसंपत्तियां अर्जित करने के तथ्य सामने आने पर प्रकरण दर्ज किया गया।

उपमहानिरीक्षक एसीबी रेंज बीकानेर भुवन भूषण यादव के पर्यवेक्षण में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार (एसीबी चौकी बीकानेर) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार (एसीबी एसयू) के नेतृत्व में सक्षम न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त कर पांच ठिकानों पर एक साथ सर्च की गई।

कार्रवाई के दौरान जयनारायण व्यास कॉलोनी स्थित मातेश्वरी एन्कलेव कॉलोनी, वैष्णोधाम के सामने स्थित मकान से करीब 75 लाख रुपए नकद बरामद होने की पुष्टि हुई है। मातेश्वरी एन्कलेव और बागीनाडा छींपो का मोहल्ला, गंगाशहर स्थित परिसरों से एक किलो से अधिक सोना और लगभग दो किलो चांदी बरामद होने की पुष्टि हुई है।

एसीबी के अनुसार आरोपी के बीकानेर शहर में तीन मकान तथा गांव पुनरासर में एक मकान है। इसके अलावा लगभग 17 हेक्टेयर कृषि भूमि भी पाई गई है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में विभिन्न स्थानों पर तलाशी कार्रवाई जारी है। मामले में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में आगे अनुसंधान किया जा रहा है।