किशनगंज, 12 अप्रैल । बिहार लोक सेवा आयोग के अंतर्गत सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा के सफल एवं कदाचार-मुक्त आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
इस संबंध में रविवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जिलाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि परीक्षा तीन चरणों में आयोजित की जाएगी।
प्रथम चरण 14 अप्रैल को दो पालियों तथा 15 अप्रैल को प्रथम पाली में, द्वितीय चरण 17 अप्रैल को दो पालियों एवं 18 अप्रैल को प्रथम पाली में तथा तृतीय चरण 20 अप्रैल को दो पालियों एवं 21 अप्रैल को प्रथम पाली में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 2:30 बजे से 4:30 बजे तक निर्धारित की गई है। परीक्षा में जिले के लगभग 4980 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी 11 परीक्षा केंद्रों की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मॉनिटरिंग की जाएगी तथा परीक्षार्थियों की चेकिंग, फ्रिस्किंग एवं बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाएगा। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
उन्होंने सभी केंद्राधीक्षकों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में जनरेटर उपलब्ध रखने का निर्देश दिया। साथ ही प्रश्नपत्र निर्धारित प्रक्रिया के तहत परीक्षार्थियों की उपस्थिति में ही खोलने तथा सीटिंग प्लान का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पूर्व फ्रिस्किंग के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।
महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला दंडाधिकारी एवं महिला बल द्वारा तथा पुरुष अभ्यर्थियों की जांच पुरुष दंडाधिकारी एवं पुरुष बल द्वारा की जाएगी। केंद्रों पर साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी केंद्रों पर सघन जांच के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा माफिया एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाए तथा प्रश्नपत्र के सुरक्षित परिवहन को प्राथमिकता दी जाए। साइबर डीएसपी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, विशेषकर व्हाट्सएप एवं टेलीग्राम समूहों पर निगरानी रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा, परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में भीड़-भाड़, फोटोस्टेट दुकान, इंटरनेट कैफे आदि को बंद रखने, परीक्षा से पूर्व होटल-लॉज की जांच तथा परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में अपर समाहर्ता अमरेंद्र कुमार पंकज, जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार सहित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक तथा अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे। कई अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी बैठक में शामिल हुए।