जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के

Spread the love

पौड़ी गढ़वाल, 09 अप्रैल । जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी, विभिन्न वार्डों व विभागों का निरीक्षण कर डॉक्टरों, स्टाफ, मरीजों और तीमारदारों से संवाद किया तथा फीडबैक लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने लैप्रोस्कोप, इको मशीन, पैथोलॉजी उपकरण व मल्टी-पैरा मॉनिटर जैसी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अल्ट्रासाउंड कक्ष, स्वच्छता, पेयजल और वॉशरूम व्यवस्था सुधारने पर भी जोर दिया। इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और अभिलेखों की जांच कर सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने को कहा। साथ ही वार्ड विस्तार और एंबुलेंस व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने तीमारदारों के लिए गद्देदार बेंच, वार्डों में टाइल्स, रंगीन चादरों की नियमित व्यवस्था और व्हीलचेयर की सफाई सुनिश्चित करने को कहा। आयुष्मान योजना के तहत अधिक से अधिक कार्ड बनाने और हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में ओपीडी व आईपीडी मरीजों की कम संख्या पर नाराजगी जताते हुए सेवाओं में सुधार कर मरीजों की संख्या बढ़ाने को कहा। संस्थागत प्रसव बढ़ाने, काउंसलिंग सेवाएं मजबूत करने और जागरूकता कार्यक्रम तेज करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने डिजिटल टोकन सिस्टम, सोलर प्लांट स्थापना, इमरजेंसी व मैटरनिटी ओटी में सिविल कार्य, ऑक्सीजन प्लांट, एक्स-रे व सीटी स्कैन रखरखाव जैसे कई निर्णय लिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बजट की कमी से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी और अस्पताल को आधुनिक व जनसुलभ बनाया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, मुख्य कोषाधिकारी नमिता सिंह, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक एल.डी. सेमवाल, विधायक प्रतिनिधि तपोनिधि बडोनी सहित अन्य चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।