जयपुर, 27 जनवरी । राजस्थान में अल्प आय वर्ग के परिवारों को रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएं उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने पांच हजार उचित मूल्य की दुकानों पर अन्नपूर्णा भंडार खोलने का प्रस्ताव तैयार किया है। इस महत्वाकांक्षी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर राजस्थान राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड द्वारा सुझाव आमंत्रित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में एफएमसीजी उत्पादों के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के उत्पादकों और एग्रीगेटर्स के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन तीन फरवरी को प्रातः 11:30 बजे निगम मुख्यालय जयपुर में किया जाएगा। बैठक में अन्नपूर्णा भंडार योजना को व्यावहारिक और प्रभावी बनाने के लिए उत्पादों की आपूर्ति, गुणवत्ता, मूल्य निर्धारण और वितरण व्यवस्था को लेकर सुझाव लिए जाएंगे।
राजस्थान राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड ने एफएमसीजी उत्पादों से जुड़े सभी एग्रीगेटर्स एवं उत्पादकों से बड़ी संख्या में बैठक में भाग लेने का आग्रह किया है, ताकि योजना को जनहित में सफल बनाया जा सके।
इस संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए एफएमसीजी उत्पादों के एग्रीगेटर्स एवं उत्पादक निगम मुख्यालय जयपुर के दूरभाष नंबर 0141-2744484 पर संपर्क कर सकेंगे।