जयपुर, 29 मार्च । राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) की एडहॉक कमेटी में राज्य सरकार ने एक बार फिर बड़ा बदलाव किया है। इस बार कमेटी के कन्वीनर सहित कई सदस्यों को बदला गया है। दीनदयाल कुमावत को हटाकर भाजपा विधायक जसवंत यादव के पुत्र मोहित यादव को नया कन्वीनर नियुक्त किया गया है।
सरकार ने एडहॉक कमेटी में दो नए सदस्यों को भी शामिल किया है। इनमें पूर्व मंत्री चंद्रराज सिंघवी के पोते अरिष्ट सिंघवी और भादरा (हनुमानगढ़) से विधायक संजीव बेनीवाल के पुत्र अर्जुन बेनीवाल को सदस्य बनाया गया है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के पुत्र धनंजय सिंह खींवसर और सांसद घनश्याम तिवाड़ी के पुत्र आशीष तिवाड़ी को एक बार फिर कमेटी में जगह दी गई है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार पिछले करीब दो वर्षों से आरसीए की निर्वाचित कार्यकारिणी भंग होने के बाद एडहॉक कमेटी के जरिए ही कामकाज चला रही है। अब तक 9वीं बार इस कमेटी का कार्यकाल बढ़ाया गया है।
इससे पहले जून 2025 में दीनदयाल कुमावत को कन्वीनर बनाया गया था, जिन्हें अब हटा दिया गया है। नई एडहॉक कमेटी का कार्यकाल तीन महीने निर्धारित किया गया है। इस दौरान कमेटी के सामने सबसे बड़ी जिम्मेदारी पिछले दो साल से लंबित आरसीए चुनाव करवाने की होगी। ऐसे में आने वाले समय में आरसीए की राजनीति और तेज होने के संकेत हैं।
कमेटी में किए गए बदलावों के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे भाजपा की अंदरूनी सियासत से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं इसे आरसीए में प्रशासनिक पुनर्गठन और चुनावी प्रक्रिया को गति देने की कोशिश भी माना जा रहा है।
गौरतलब है कि 28 मार्च 2024 को आरसीए की कार्यकारिणी भंग कर एडहॉक कमेटी का गठन किया गया था। तब जयदीप बिहाणी को कन्वीनर बनाया गया था, जिसके बाद जून 2025 में बदलाव कर दीनदयाल कुमावत को जिम्मेदारी दी गई थी। अब एक बार फिर बदलाव करते हुए मोहित यादव को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।