कंचौसी रेलवे स्टेशन पर 12 घंटे देरी से पहुंची ऊंचाहार एक्सप्रेस
औरैया, 30 जनवरी (हि. स.)। प्रयागराज से दिल्ली होकर चंडीगढ़ जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस कंचौसी में रात नौ बजे आती है। बुधवार रात अपने निर्धारित समय नौ बजे के बजाय 12 घंटे की देरी से गुरुवार सुबह 9 बजे के बाद पहुंची। इंतजार में बैठे यात्री स्टेशन पर सर्दी में परेशान रहे। कई दूसरी ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं। ट्रेन की देरी को देखते हुए रात में पहुंचे कई यात्री लौट गए। कुछ यात्री रात में प्लेटफार्म पर ठंड में ट्रेन का इंतजार करते रहे। सर्द मौसम में दिल्ली, गाजियाबाद, अलीगढ़, फिरोजाबाद, टुंडला व इटावा, शिकोहाबाद, हाथरस जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वही फफूंद कानपुर मेमू एवं शिकोहाबाद कानपुर मेमू निरस्त होने से यात्री रहे। कानपुर, पनकी धाम, भाऊपुर, रूरा, झीझक आदि स्थानों पर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने बताया कि ट्रेनों के निरस्त होने से परेशानी हो रही है। सुबह 11 बजे के बाद टूंडला कानपुर मेमू के आने के बाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री जा सके। इस सम्बन्ध में स्टेशन अधीक्षक दरबारी कुमार ने ट्रेनों के निरस्तीकरण की जानकारी अनाउंस के माध्यम से यात्रियों को दी जा रही है।
—————