अयोध्या, 02 अप्रैल ।अयोध्या में राम भक्तों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश की योगी सरकार ने एक और महत्वपूर्ण विकास कार्य पूरा कर लिया है। उप्र राज्य सेतु निगम लिमिटेड द्वारा 14 कोसी परिक्रमा मार्ग पर हलकारा का पुरवा रेलवे स्टेशन संख्या-108 एसी के पास दो लेन रेल उपरगामी सेतु (फ्लाईओवर) का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। यह फ्लाईओवर 982 मीटर लंबा है। इसे 181.03 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है।
योगी सरकार की इस सौगात से अयोध्या के धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है। फ्लाईओवर के निर्माण से परिक्रमा मार्ग पर आवागमन अब और अधिक सुगम हो जाएगा। लाखों श्रद्धालु, जो हर वर्ष कार्तिक मास में 14 कोसी परिक्रमा करते हैं, उन्हें अब जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में फ्लाईओवर का दो लेन बनकर तैयार है। एक हफ्ते के अंदर इन दोनों लेन को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। शेष दो लेन (कुल फोर लेन) का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है और अगले एक महीने के अंदर यह भी पूरा कर लिया जाएगा।
समाप्त हो जाएगी जाम की समस्या
रेलवे लाइन को पार करते समय होने वाले जाम की समस्या इस फ्लाईओवर के कारण पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। पहले यहां रेलवे क्रॉसिंग के कारण भारी वाहनों और परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग जाती थीं। अब यह सेतु यातायात को तेज और सुरक्षित बनाएगा।
राहगीरों को होगी सुविधा
अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन के बाद 14 कोसी परिक्रमा का महत्व और बढ़ गया है। लाखों श्रद्धालु नंगे पैर इस पवित्र मार्ग पर भ्रमण करते हैं। नए फ्लाईओवर से न केवल स्थानीय निवासियों बल्कि बाहर से आने वाले पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को भी काफी सुविधा होगी।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
यह परियोजना अयोध्या के समग्र विकास की दिशा में योगी सरकार का एक और ठोस कदम है। रामनगरी को विश्व स्तरीय सुविधाओं से लैस करने के लिए सड़क, फ्लाईओवर, ब्रिज और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर पर लगातार काम चल रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन बढ़ेगा, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और अयोध्या को बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और कदम होगा।
स्थानीय लोगों व श्रद्धालुओं में भी खुशी की लहर
सेतु निगम के उप प्रबंधक रोहित अग्रवाल ने बताया कि फ्लाईओवर का निर्माण उच्च गुणवत्ता वाले मटेरियल से किया गया है। इसमें आधुनिक डिजाइन, मजबूत संरचना और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई है, ताकि रात में भी सुरक्षित आवागमन संभव हो सके। फ्लाईओवर के दो लेन पूरा होने पर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में खुशी है कि अब परिक्रमा के दौरान जाम नहीं लगेगा। भगवान राम की नगरी में आवागमन अब और आसान हो गया है। योगी सरकार अयोध्या को आधुनिक सुविधाओं से युक्त शहर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। हलकारा का पुरवा फ्लाईओवर इसकी महत्वपूर्ण कड़ी है। जल्द ही चार लेन के साथ यह फ्लाईओवर अयोध्या के यातायात को नई दिशा देगा।