मंडी, 25 फ़रवरी । मंडी का ऐतिहासिक नगर, जो कि छोटी काशी के नाम से भी जाना जाता है, सनातन संस्कृति एवं आस्था का एक महत्वपूर्ण पुरातन केंद्र रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू को लिखे पत्र में धर्म संघ बाबा भूतनाथ ट्रस्ट मंडी ने यहां शब्द कहे हैं । पत्र में धर्म संघ बाबा भूतनाथ मंदिर ट्रस्ट मंडी के अध्यक्ष भीमचंद सरोज ने कहा है कि धर्म संघ, श्री भुतनाथ मन्दिर, मंडी आपको पत्र के माध्यम से अवगत करवाना चाहता है कि मंडी नगर में स्थित बाबा श्री भूत नाथ महादेव जी का प्राचीन मंदिर सैकड़ों वर्षों से विराजमान है। कहते हैं, यहां स्वयंभू शिव लिंग की उत्पत्ति हुई थी, जिसके लिए इस भव्य मंदिर का निर्माण मंडी के तत्कालीन राजा अजबर सेन द्वारा ई. 1527 को शिवरात्रि महापर्व पर पूरे विधि-विधान के साथ किया गया था। तभी से मंडी नगर में शिवरात्रि महापर्व के उपलक्ष्य में मेला मनाने की परम्परा भी शुरु की गई। वर्तमान में इस मन्दिर का प्रबंधन जिला प्रशासन के अधीन है।
उन्होंने कहा कि 2027 में बाबा श्री भूत नाथ मंदिर की स्थापना के 500 वर्ष पूर्ण होने जा रहें हैं। इस महत्वपूर्ण तिथि के आने पर, बाबा श्री भूतनाथ के सभी भक्त इस ऐतिहासिक अवसर को असली स्वरूप में मनाना चाहते हैं। इसमें कोई अतिशयोक्ति नहीं कि यह भव्य आयोजन, आपके आशीर्वाद के बिना सम्भव नहीं है। धर्म संघ, श्री भुतनाथ मन्दिर, मण्डी, जो कि छोटी काशी मण्डी की एक महत्वपूर्ण धार्मिक संस्था है, सम्पूर्ण सनातन समाज की ओर से आपसे विनम्र आग्रह करती है कि इस मन्दिर के वर्तमान स्वरूप को और भी आकर्षिक बनाने एवं इसके जीर्णोद्धार के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने की कृपा करे। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए हमारे पास मात्र एक वर्ष का समय शेष है।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि बाबा श्री भूतनाथ जी के मंडी स्थित ऐतिहासिक मंदिर के 500 वें स्थापना दिवस को भव्य स्वरूप में मनाकर इसे अविस्मरणीय बनाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश का पूर्ण सनातन समाज, इन पावन क्षणों पर, आपकी गरिमामई सहभागिता एवं सहयोग की अपेक्षा करते हैं। आपके कार्यकाल में, बाबा श्री भूतनाथ के मंदिर की स्थापना के 500 वर्ष पूर्ण होने के इस ऐतिहासिक अवसर पर एक भव्य आयोजन सनातन प्रेमियों के मन मस्तिष्क पर एक अमिट छाप छोड़ सकता है, जिसे आनेवाले एक लंबे समय तक याद रखा जाएगा।