बालको जोनांतर्गत वार्डो को मिली दाे करोड़ 17 लाख रूपये के विकास कार्यो की सौगात

Spread the love

कोरबा 07 फरवरी । निगम के बालको जोनांतर्गत वार्ड क्र. 47 एवं 39 को आज शनिवार को 02 करोड़ 17 लाख रूपये के विकास कार्यो की सौगात मिली, जिसमें नवनिर्मित सामुदायिक भवन के लोकार्पण, विभिन्न वार्डो के 08 स्थानों पर आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण सहित सड़क, नाली व पाईप लाईन विस्तार के नवीन कार्य शामिल हैं। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी व सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर संजूदेवी राजपूत ने इन विकास कार्यो का भूमिपूजन व लोकार्पण किया।

नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा वार्ड क्र. 47 शिवनगर बिरसामुन्डा मोहल्ला में 25 लाख रूपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण कराया गया है, जिसका लोकार्पण आज प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य एवं महापौर संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनके करकमलों से किया गया। इसी प्रकार निगम द्वारा वार्ड क्र. 47 अंतर्गत शिवनगर बिरसामुन्डा बस्ती में 30 लाख रूपये की लागत से आर.सी.सी.नाली एवं सी.सी. रोड का निर्माण, बालको जोन के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर 01 करोड़ 04 लाख रूपये की लागत से 08 नग आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण, वार्ड क्र. 39 अंतर्गत रिंग रोड से रोहित घर तक एवं रिंकी घर से विबल साहू घर तक 41 लाख 66 हजार रूपये की लागत से ओ.पी.व्ही.सी. पाईप बिछाने का कार्य एवं वार्ड क्र. 47 अंतर्गत पॉलिटेक्निक कालेज बस्ती 16 लाख 48 हजार रूपये की लागत से ओ.पी.व्ही.सी. पाईप बिछाने का कार्य कराया जाना हैं, आज इन सभी कार्यो का विधिवत भूमिपूजन उद्योग मंत्री देवांगन एवं महापौर राजपूत के द्वारा किया गया।

वार्ड वासियों की मांग अनुसार कार्य हों, हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता

इस मौके पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा कि वार्डवासियों व आमजन की मांग एवं आवश्यकता के अनुरूप वार्डो में विकास कार्य किए जाएं, यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, जनता जनार्दन की मांग को पूरा करना, मैं अपना प्रथम कर्तव्य समझता हूॅं। उन्होने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान शिवनगर बिरसामुन्डा मोहल्ला के नागरिकबंधुओं एवं शिव फाउंडेशन के द्वारा सामुदायिक भवन निर्माण की मांग मेरे समक्ष रखी गई थी, उनकी मांग का सम्मान करते हुए 25 लाख रूपये की लागत से यह भवन बनाया गया है, आज यह भवन यहॉं की जनता जनार्दन की सेवा के लिए समर्पित किया गया, अब बस्ती के लोगों को अपने विभिन्न आयोजनों, कार्यक्रमों के लिए एक सुविधापूर्ण स्थान उपलब्ध हो चुका है।

मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आशीर्वाद एवं उप मुख्यमंत्री व नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव के मार्गदर्शन में कोरबा नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं हो रही है, जो भी प्रस्ताव मेरे द्वारा या महापौर के द्वारा उनके समक्ष प्रस्तुत किए जाते हैं, उन पर शीघ्र स्वीकृति मिल रही है, जिसके कारण कोरबा में तेजी से विकास हो रहा है।

कोरबा के विकास के लिए सदैव समर्पित रहें हैं, उद्योग मंत्री

इस अवसर पर महापौर संजूदेवी राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रदेश के उद्योग मंत्री तथा कोरबा के माटीपुत्र लखनलाल देवांगन कोरबा के विकास के लिए सदैव समर्पित रहे हैं, उन्होने कोरबा के विकास के लिए, वार्ड बस्तियों में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किया है, यहॉं के विकास कार्यो हेतु उनके द्वारा लगातार फंड की व्यवस्था की जा रही है, हमारा सौभाग्य है कि प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री व नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव का भी पूरा आशीर्वाद कोरबा के विकास के लिए लगातार प्राप्त हो रहा है।

इस अवसर पर वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, सत्येन्द्र दुबे, वार्ड पार्षद सीमाबाई कंवर व चंदादेवी, पार्षद मुकुंद सिंह कंवर व जनकसिंह राजपूत, मण्डल अध्यक्ष मनोज लहरे, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष तुलसी ठाकुर, पूर्व मण्डल अध्यक्ष नारायण सिंह ठाकुर, पूर्व मण्डल अध्यक्ष ईश्वर साहू, पूर्व पार्षद हेतराम चन्द्रा, महामंत्री किशोर साहू, भूपेन्द्र साहू, महिला मोर्चा से धनबाई निर्मलकर आदि के साथ काफी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।