जिला अस्पताल बलरामपुर में फिर शुरू हुई स्थायी परिवार नियोजन सेवाएं

Spread the love

प्रशासनिक निर्देशन और स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से जिला चिकित्सालय बलरामपुर में परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत महिला नसबंदी शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों की टीम ने लेप्रोस्कोपिक पद्धति से 12 महिलाओं की नसबंदी सफलतापूर्वक की। यह प्रक्रिया दूरबीन तकनीक से की गई, जिसमें किसी प्रकार का बड़ा चीरा नहीं लगाया जाता, जिससे मरीजों को कम दर्द होता है और वे जल्दी स्वस्थ हो जाती हैं। सभी महिलाएं सुरक्षित हैं और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय देखरेख प्रदान की गई।

लंबे अंतराल के बाद जिला अस्पताल में परिवार नियोजन के स्थायी साधनों की सेवाएं नियमित रूप से प्रारंभ की गई हैं। अब प्रत्येक सप्ताह बुधवार को न्यूनतम 10 महिलाओं की लेप्रोस्कोपिक नसबंदी की जाएगी। अब तक कुल 18 महिलाओं का इस पद्धति से सफल ऑपरेशन किया जा चुका है।

इसके साथ ही जिला चिकित्सालय में महिला रोग, गर्भाशय और अंडकोष से संबंधित जांच व उपचार की सुविधा भी आधुनिक लेप्रोस्कोपिक विधि से उपलब्ध कराई जा रही है। गर्भाशय की जांच एवं आवश्यक शल्य प्रक्रियाएं बिना चीरा लगाए की जा रही हैं, जिससे मरीजों को सुरक्षित और प्रभावी उपचार का लाभ मिल रहा है।

यह पहल जिले में सुरक्षित मातृत्व, जनसंख्या स्थिरीकरण और उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।