बलरामपुर, 07 फ़रवरी । राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिला स्वास्थ्य, पोषण एवं उनके मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में जिले में 5 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण आयोजन 2 फरवरी से 06 फरवरी 2026 तक जेंडर रिसोर्स सेंटर, बलरामपुर में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में बिहान के स्व सहायता समूहों की महिलाओं को जेंडर, फ़ूड हेल्थ न्यूट्रीशन वाश एवं सोशल इन्क्लूज़न विषयों पर कार्यरत मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया, ताकि वे अपने-अपने समूहों तथा ग्रामीण समुदायों में जागरूकता ला सकें।
प्रशिक्षण में राज्य स्तर पर प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनरों ने प्रतिभागियों को क्लासरूम ट्रेनिंग के साथ-साथ समूह चर्चा, अभ्यास सत्र तथा विभिन्न प्रकार की खेल–गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया। सहभागी विधियों के माध्यम से महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता, संतुलित आहार, पोषण संबंधी व्यवहार, एनीमिया एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की रोकथाम पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं के मौलिक एवं कानूनी अधिकारों, घरेलू हिंसा से संरक्षण, संपत्ति अधिकार, बाल विवाह निषेध, लैंगिक समानता , महिलाओं की भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान जिले में संचालित सखी सेंटर के प्रतिनिधियों द्वारा सखी सेंटर की भूमिका, उपलब्ध सेवाओं तथा संकट की स्थिति में महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता के बारे में विशेष जानकारी दी गई। साथ ही हेल्पलाइन नंबर, काउंसलिंग सुविधाएँ, अस्थायी आश्रय, कानूनी सहायता एवं पुनर्वास से जुड़ी व्यवस्था के बारे में भी अवगत कराया ताकि वे अपने समुदाय की जरूरतमंद महिलाओं व किशोरियों को समय पर उचित सहायता तक पहुँचाने में मदद कर सकें।