अनूपपुर : ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा

Spread the love

अनूपपुर, 24 फरवरी । मध्‍य प्रदेश के अनूपपुर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मलगा तिराहे के पास मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की पूरी घटना पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आमाडांड निवासी 55 वर्षीय दिलहरण हथेला पुत्र प्रभु हथेला अपनी बाइक से मंदिर जा रहे थे। मलगा तिराहे स्थित नेशनल हाईवे के टी-पॉइंट पर जैसे ही वे मलगा मार्ग की ओर मुड़े, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला और वे बाइक सहित ट्रेलर के नीचे आ गए।

घटना के समय ट्रेलर खाली था और कोयला लोड करने खदान की ओर जा रहा था। स्थानीय लोगों की सूचना पर रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए बिजुरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।

रामनगर थाना प्रभारी सुमित कौशिक ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ट्रेलर को जब्त कर चालक को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

हादसे के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए और लगभग एक घंटे तक सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित रहा। पुलिस ने समझाइश देकर तथा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।