बीटेक के छात्र ने चौथी मंजिल से कूदकर की आत्महत्या, आक्रोशित साथियों ने किया हंगामा

Spread the love

नोएडा, 24 जनवरी । थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के एक हॉस्टल में रहने वाले बी-टेक द्वितीय वर्ष के छात्र ने चौथी मंजिल से छलांग लगाकर शुक्रवार की देर रात को आत्महत्या कर लिया है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, छात्र अपने दोस्तों के साथ शराब पीकर देर रात को हॉस्टल में आया था। हॉस्टल के प्रबंधन ने छात्र को इसके लिए फटकार लगाई गई तथा उसकी वीडियो बनाकर उसके पिता को भेजा। उसके पिता ने उसे डांट दिया। इस वजह से उसने आत्महत्या किया है। पुलिस ने हॉस्टल प्रबंधन के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

अपर पुलिस उपयुक्त जोन तृतीय सुधीर कुमार ने शनिवार को बताया कि थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के नॉलेज पार्क-3 स्थित एक हॉस्टल में बी-टेक द्वितीय वर्ष का छात्र झांसी के भोगनीपुर निवासी उदित सोनी रहता था। शुक्रवार देर रात को वह अपने मित्र चेतन एवं कुलदीप के साथ शराब पीकर हॉस्टल में वापस आया। हॉस्टल प्रबंधन ने छात्र को फटकार लगाई। उसकी वीडियो बनाकर उसके पिता विजय सोनी को भेजी गई। वीडियो प्राप्त होने पर उसके पिता ने उदित सोनी को डांटा और धमकाया कि तुम्हारा नाम कटवाकर घर बुला लेंगे। इस घटना से क्षुब्ध होकर छात्र उदित सोनी ने हॉस्टल के चतुर्थ तल से नीचे छलांग लगा दिया। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस घटना से आक्रोशित सैकड़ों की संख्या में छात्रों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। पुलिस के अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उन्हें शांत करवाया। शांति व्यवस्था कायम है। उन्होंने बताया कि मृतक छात्र के परिजनों को सूचना दे दी गई है। वे लोग जनपद झांसी से नोएडा के लिए निकल गए हैं। उनकी शिकायत के आधार पर इस मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।